केंद्रीय चयन पर्षद की ओर से सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह भर्ती कुल 4,236 पदों पर चयन के लिए की जा रही है, जिसका पहला चरण लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित हुआ। इसके लिए राज्य के सभी जिलों में कुल 544 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे। परीक्षा दो पाली में कराई गई, जिसमें पहली पाली सुबह 10 बजे से 12:00 बजे तक और दूसरी पाली 15 बजे से 17 बजे तक चली।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस परीक्षा के लिए कुल 11,04,473 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जबकि 5,52,236 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे। इनमें से आज की परीक्षा में करीब 5.50 लाख परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
परीक्षा केन्द्रों पर रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
सिपाही भर्ती परीक्षा को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जिला पदाधिकारियों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों की अगुवाई में जिला स्तर पर व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए गए। परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की सख्ती से तलाशी ली गई। परीक्षा के दौरान सभी अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक तरीके से अंगूठे का निशान लिया गया तथा फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई।
परीक्षा को कदाचारमुक्त बनाने के उद्देश्य से पर्षद ने सीसीटीवी की लाइव स्ट्रीमिंग के जरिये निगरानी रखी। इसके लिए पर्षद मुख्यालय में एक कमांड एंड कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया था।
सभी केन्द्रों पर लगाए गए जैमर
विभाग की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि सभी परीक्षा केन्द्रों को जैमर से आच्छादित किया गया था, ताकि लिखित परीक्षा कदाचारमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हो सके। हालांकि अब तक मिली सूचना के अनुसार कदाचार के आरोप में 10 अभ्यर्थी संलिप्त पाए गए, जिनमें से 07 को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 10 अभ्यर्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों में भभुआ से 1, नवादा से 1, मुजफ्फरपुर से 1, दरभंगा से 1, पूर्णिया से 2 और अररिया से 1 आरोपी शामिल हैं। इसके अलावा गया से 1, भभुआ से 2, नवादा से 1, मुजफ्फरपुर से 1, दरभंगा से 1, पूर्णिया से 3 तथा अररिया से 1 आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
स्टेशनों पर तोड़फोड़ और उपद्रव
दूसरी ओर, प्रतियोगी परीक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रेनें न होने का आरोप लगाते हुए भीड़ ने पटना के बाहरी इलाके में रेल यातायात बाधित कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हवा में गोलियां चलानी पड़ीं, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज भी किया गया। पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुए उपद्रव के मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पथराव की इस घटना में सुरक्षाकर्मी और रेलवे अधिकारी भी घायल हुए हैं।
बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रतियोगी परीक्षा से ठीक पहले ऐसी घटना हुई। युवाओं को भी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।"
https://www.indiatv.in/bihar/5-50-lakh-candidates-appeared-for-constable-recruitment-exam-in-bihar-7-arrested-for-malpractice-2026-06-14-1225098