बालाकोट सेक्टर में पाक रेंजर्स की फायरिंग, भारतीय सेना के करारे जवाब से दुश्मन को भागना पड़ा

पुंछ के बालाकोट सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर्स ने एलओसी पर भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर गोलीबारी की, जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। ऑपरेशन सिंदूर के बाद लंबी खामोशी के बाद पाकिस्तान फिर ऐसी हरकतों पर उतर आया है।

लंबे अंतराल के बाद पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर सीमा पर नापाक हरकत को अंजाम दिया है। पाकिस्तानी रेंजर्स ने पुंछ के बालाकोट सेक्टर में लाइन ऑफ कंट्रोल पर तैनात भारतीय सेना की चौकियों को निशाना बनाते हुए 10-15 राउंड गोलीबारी की। इसके बाद भारतीय सेना ने ऐसा करारा जवाब दिया कि पाकिस्तानी फौज को पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा।

सेना के अनुसार, भारतीय जवानों ने पाकिस्तानी चौकियों को लक्ष्य बनाते हुए इतने गोले बरसाए कि दुश्मन की सेना को भागना पड़ा। सेना ने स्पष्ट किया कि हालात पर पूरी नजर रखी जा रही है और सीमा पार से होने वाले हर हमले का माकूल जवाब दिया जा रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद फिर शुरू हुई उकसावे की हरकतें

ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तानी सेना काफी दिनों तक शांत रही थी और उसकी ओर से किसी तरह की उकसाने वाली कार्रवाई नहीं हो रही थी। लेकिन बीते कुछ दिनों से पाकिस्तानी रेंजर्स लगातार उकसावे की हरकतें कर रहे हैं। कभी वे सीमा पार से ड्रोन भेजते हैं तो कभी फायरिंग करते हैं।

चार दिन पहले पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में एलओसी के नजदीक एक पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सीमा के आसपास मंडराता दिखाई दिया था। जैसे ही यह ड्रोन भारतीय चौकियों के पास पहुंचा, जवानों ने उस पर जबरदस्त फायरिंग की, जिसके बाद वह पीओके की ओर वापस भाग गया।

पीओके में बवाल से ध्यान भटकाने की कोशिश?

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में इन दिनों भारी उथल-पुथल मची हुई है। वहां के लोग पाकिस्तानी सेना और रेंजर्स को खदेड़ रहे हैं और उनके लिए चेहरा छिपाना तक मुश्किल हो गया है। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के रावलकोट में दो दिन पहले पाकिस्तानी रेंजर्स और सेना ने प्रदर्शनकारियों पर सीधी फायरिंग की थी।

9 जून से जारी इस प्रदर्शन में अब तक 55 लोगों की जान जा चुकी है। ऐसे में यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं इसी आंतरिक संकट से ध्यान भटकाने के लिए तो पाकिस्तानी सेना भारतीय चौकियों पर फायरिंग नहीं कर रही।

पूरी तरह एक्शन में भारतीय सेना

भारतीय सेना ने साफ कहा है कि पाकिस्तान की हर नापाक कोशिश का मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। सेना का कहना है कि अगर दुश्मन हमारी चौकियों को निशाना बनाएगा तो उसकी चौकियों को तबाह कर दिया जाएगा। सेना की सर्विलांस टीम 24 घंटे सीमा पर कड़ी निगरानी रख रही है।

https://hindi.news18.com/news/nation/indian-army-strong-response-to-pakistani-firing-posts-destroyed-along-line-of-control-in-balakot-sector-of-poonch-ws-l-10570557.html