बहादुरगढ़ मुठभेड़ में ढेर हुआ संजय बिरधाना का करीबी इंद्रपाल, STF प्रभारी के हाथ में लगी गोली

बहादुरगढ़ के दुजाना गांव में STF और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में विजय सैनी हत्याकांड के आरोपी संजय बिरधाना का राइट हैंड इंद्रपाल मारा गया, जबकि STF यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश के हाथ में गोली लगी है।

हरियाणा के बहादुरगढ़ से एक बड़ी खबर सामने आई है। STF बहादुरगढ़ टीम और एक बदमाश के बीच दुजाना गांव में हुई मुठभेड़ में इंद्रपाल नामक आरोपी को मार गिराया गया। इंद्रपाल को विजय सैनी हत्याकांड के आरोपी संजय बिरधाना का राइट हैंड और बेहद करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। इसी मुठभेड़ के दौरान STF बहादुरगढ़ यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश भी घायल हो गए, जिनके हाथ में गोली लगी है।

दुजाना नहर के पास हुई कार्रवाई

कसरैटी गांव का रहने वाला इंद्रपाल दुजाना के विजय सैनी हत्याकांड में शामिल था। पुलिस की एसटीएफ टीम ने दुजाना नहर के पास उसे मार गिराया। इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी संजय बिरधाना है। मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से गोलियां चलीं, जिसमें एक ओर इंद्रपाल ढेर हो गया तो दूसरी ओर इंस्पेक्टर राकेश घायल हुए।

इंस्पेक्टर की हालत खतरे से बाहर

घायल एसटीएफ इंस्पेक्टर राकेश को नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके बाजू में गोली लगी है, हालांकि उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस कमीश्नर डॉ. राजश्री नागरिक अस्पताल पहुंचीं।

गर्लफ्रेंड पहले ही गिरफ्तार

पुलिस इंद्रपाल की गर्लफ्रेंड को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस कमीश्नर ने स्वीकार किया कि आरोपियों की गिरफ्तारी का दबाव था और इस संबंध में पुलिस को इनपुट मिले थे, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

कब हुई थी हत्या

कुछ रोज पूर्व दुजाना के खेतों में विजय सैनी नामक अधेड़ की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार दबिश देकर उनकी तलाश में जुटी थी। अब इनमें से एक आरोपी इंद्रपाल को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया है।

बाकी आरोपियों की तलाश जारी

फिलहाल पुलिस इस मामले में अधिक जानकारी देने को तैयार नहीं है। पुलिस मामले की हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।

https://hindi.news18.com/news/haryana/jhajjar-stf-encounter-bahadurgarh-killed-indrapal-local18-10570543.html