ब्राजील के रियो डी जेनेरियो शहर में एक बड़ा विमान हादसा हुआ, जिसमें हवा में उड़ान भर रहे दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस टक्कर में कम से कम छह लोगों की जान चली गई। फायर ब्रिगेड विभाग के मुताबिक यह दुर्घटना पश्चिमी रियो के रीक्रेयो दोस बन्देइरांटेस इलाके के ऊपर हुई।
टकराने के तुरंत बाद दोनों हेलीकॉप्टर पास की एक इलेक्ट्रिक वाहन डीलरशिप की पार्किंग में जा गिरे और वहीं आग भड़क उठी। ब्राजीली अधिकारियों के अनुसार यह टक्कर स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8:59 बजे हुई।
आग की चपेट में आए 20 वाहन
अधिकारियों ने जानकारी दी कि दुर्घटनाग्रस्त हुए हेलीकॉप्टरों में से एक एयरबस H125 और दूसरा बेल 206B जेट रेंजर था। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों में भी हादसे का समय सुबह करीब 8:59 बजे ही बताया गया है। फायर ब्रिगेड के अनुसार हेलीकॉप्टरों के गिरते ही इतनी भीषण आग लगी कि उसकी चपेट में कम से कम 20 वाहन आ गए।
फायर ब्रिगेड ने अपने एक बयान में कहा, “रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि हेलीकॉप्टर हवा में आपस में टकराए और एक इलेक्ट्रिक कार डीलरशिप की पार्किंग में गिर गए। इससे आग लग गई और कम से कम 20 वाहन इसकी चपेट में आ गए।”
मारे गए सभी लोग चालक दल के सदस्य
शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग दोनों हेलीकॉप्टरों के चालक दल के सदस्य थे। हालांकि अधिकारियों ने अब तक मृतकों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घटनास्थल से घना धुआं उठता दिखाई दे रहा है, जबकि फायर ब्रिगेड के कर्मचारी और बचाव दल आग बुझाने तथा राहत कार्य में जुटे नजर आ रहे हैं।
जांच शुरू
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हवा में दोनों हेलीकॉप्टर आपस में कैसे टकराए। अधिकारियों ने इस हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाया जा रहा है।
https://hindi.news18.com/world/rest-of-world-rio-de-janeiro-at-least-6-killed-after-two-helicopters-collide-in-mid-air-10570363.html