उमरिया: 1000 रुपये की उधारी पर 10 साल के मासूम का अपहरण, 5000 की फिरौती मांगने वाला बुआ का बेटा गिरफ्तार

उमरिया के बलवई गांव में मात्र एक हजार रुपये के लेन-देन के विवाद में एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार के 10 साल के बेटे को अगवा कर 5000 रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी को पकड़ लिया और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया।

उमरिया जिले में महज एक हजार रुपये के मामूली लेन-देन का विवाद इतना बड़ा रूप ले बैठा कि एक मासूम की जान दांव पर लग गई। उधारी की रंजिश में एक युवक ने अपने ही रिश्तेदार के बच्चे को अगवा कर लिया और उसकी सलामती के बदले फिरौती की मांग कर डाली। हालांकि पुलिस की तेज कार्रवाई के चलते आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच चुका है।

खेलते बच्चे को बहला-फुसलाकर ले गया आरोपी

यह पूरा मामला उमरिया के घुनघुटी के नजदीक स्थित बलवई गांव का है। बीते 8 जून को बिहारी अगरिया का 10 वर्षीय बेटा राकेश अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बिहारी की बुआ का लड़का हरिओम वहां पहुंचा। उसने बच्चे के माता-पिता को कोई जानकारी दिए बिना ही राकेश को खेल-खेल में अपने गांव हर्रई ले गया। परिवार ने पहले यही समझा कि बच्चा रिश्तेदारी में घूमने चला गया है, लेकिन दो दिन बाद हालात पूरी तरह बदल गए।

हजार रुपये की रंजिश और पांच हजार की फिरौती

घटना ने उस वक्त खतरनाक मोड़ ले लिया जब हरिओम ने राकेश की मां को फोन किया, जो रिश्ते में उसकी भाभी लगती हैं। उसने बच्चे को सही-सलामत लौटाने के बदले 5000 रुपये की मांग रख दी। आरोप है कि हरिओम ने धमकी दी कि अगर उसे रकम नहीं मिली तो वह मासूम राकेश की जान ले लेगा।

पुलिस जांच में पता चला कि बिहारी और हरिओम के बीच पहले से ही 1000 रुपये के लेन-देन को लेकर तकरार चल रही थी। इसी खुन्नस में हरिओम ने अपहरण और फिरौती जैसी वारदात को अंजाम दे डाला।

मोबाइल लोकेशन बनी पुलिस का हथियार

फोन पर मिली जान से मारने की धमकी से राकेश का पूरा परिवार सहम गया। परिजन तुरंत पाली थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल हरकत में आ गई और बच्चे की तलाश के लिए एक विशेष टीम गठित कर दी गई। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के सहारे आरोपी का पीछा करना शुरू कर दिया।

करकेली के पास घेराबंदी कर दबोचा

साइबर सेल की मदद से पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी करकेली के आसपास छिपा हुआ है। पुलिस ने बिना देर किए इलाके में दबिश दी और घेराबंदी कर हरिओम को गिरफ्तार कर लिया। राहत की बात यह रही कि मासूम राकेश आरोपी के पास ही मौजूद था और पूरी तरह सुरक्षित मिला।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, वहीं बच्चे को सकुशल उसके माता-पिता के हवाले कर दिया गया। समय रहते की गई पुलिस कार्रवाई से एक मासूम की जान बच गई और परिजनों ने राहत की सांस ली।

https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/umaria-child-kidnapping-case-loan-rs-1000-ransom-demand-rs-5000-paternal-aunt-son-arrested-local18-10570430.html