नई दिल्ली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर कांग्रेस 19 जून को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में 'महा रोजगार मेला' का आयोजन करने जा रही है। सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस आयोजन में 150 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां और संस्थान शिरकत करेंगी। यह मेला भारतीय युवा कांग्रेस और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में लगाया जा रहा है।
कैसे और कहां करें पंजीकरण
आयोजकों के अनुसार, पंजीकरण कोड को स्कैन करते ही भारतीय युवा कांग्रेस की वेबसाइट खुल जाएगी, जहां इच्छुक युवा फॉर्म भर सकते हैं। इसके साथ ही ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी दी जा रही है। अगर कोई युवा पहले से पंजीकरण नहीं करा पाता है, तो वह 19 जून को सीधे तालकटोरा स्टेडियम पहुंचकर मौके पर ही अपना नाम दर्ज करा सकता है। 10वीं पास से लेकर स्नातकोत्तर तक के युवा अपनी योग्यता के अनुसार साक्षात्कार में शामिल हो सकते हैं। खास बात यह है कि इस रोजगार मेले के लिए पंजीकरण की पूरी प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रखी गई है।
पारदर्शी प्रक्रिया और एक महीने तक चलने वाली हेल्पलाइन
आयोजकों का दावा है कि इस महा रोजगार मेले की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी। योग्यता के आधार पर युवाओं का साक्षात्कार लिया जाएगा और चयनित होने पर उन्हें मौके पर ही ऑफर लेटर सौंप दिया जाएगा। मेले के समाप्त होने के बाद भी कांग्रेस की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर एक महीने तक चालू रहेगा। यदि ऑफर लेटर पाने के बाद किसी युवा को ज्वाइनिंग में कोई दिक्कत आती है, तो इसी हेल्पलाइन के जरिए उसका समाधान किया जाएगा।
पेपर लीक के मुद्दे पर मोदी सरकार पर हमला
इस मौके पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। पार्टी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में बेरोजगारी और पेपर लीक का रिकॉर्ड बन गया है। आरोप है कि अब तक 90 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं। छात्र सालों मेहनत करते हैं, लेकिन उनका पेपर लीक हो जाता है। इस मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को भी निशाने पर लिया गया और कहा गया कि मोदी सरकार आज हर मोर्चे पर नाकाम साबित हो रही है। पार्टी ने यह भी कहा कि हाल ही में अमेरिकन नेवी ने एक समुद्री जहाज में तीन भारतीयों की हत्या कर दी, इसके बावजूद नरेंद्र मोदी "थैंक यू, थैंक यू अमेरिका" कह रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि भले ही वह केंद्र की सत्ता में नहीं है और सरकारी नौकरी नहीं दे सकती, लेकिन समाधान तलाशने वाली पार्टी होने के नाते वह निजी क्षेत्र के माध्यम से युवाओं को रोजगार के अवसर मुहैया करा रही है।
पिछले आयोजनों के आंकड़े
इस दौरान बीते आयोजनों के आंकड़े भी साझा किए गए। बताया गया कि दिल्ली में पिछले साल 18,000 पंजीकरण हुए थे, जिनमें से करीब 7,000 युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। इसी तरह जयपुर में 3,000 और पटना में करीब 10,000 युवाओं को नौकरी मिली। इन आयोजनों में औसत चयन दर लगभग 30 प्रतिशत रही।
भाजपा की नीतियों पर सवाल
भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस ने कहा कि दिल्ली कभी पूरे देश के युवाओं के सपने पूरे करती थी, लेकिन आज यहां का अपना नौजवान ही हताश है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार की नीतियों के कारण रोजगार बढ़ने के बजाय घट रहे हैं। दिल्ली के हजारों लोगों को रोजगार देने वाला 50 साल पुराना कुटीर और लघु उद्योग का सिस्टम सरकार की गलत नीतियों की वजह से चौपट हो गया है। कांग्रेस के मुताबिक देश और दिल्ली का युवा 45 साल की सबसे बड़ी बेरोजगारी से जूझ रहा है और इसके साथ महंगाई भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे माहौल में पार्टी की कोशिश है कि युवाओं को एक नई उम्मीद दी जाए। पिछले साल पहले ही दिन करीब 3,500 युवाओं को मौके पर ही नौकरियां मिली थीं और इस बार यह आंकड़ा और बड़ा रहने की उम्मीद जताई जा रही है।
https://www.indiatv.in/india/politics/congress-is-organizing-a-mega-job-fair-to-mark-rahul-gandhi-birthday-find-out-the-venue-and-date-over-150-companies-will-participate-2026-06-14-1225047