'मेरे बच्चे के बिना ये चौथा दिन है', अपने प्यारे डॉगी ब्रूनो को खोकर बिखरीं 'उतरन' की इच्छा

टीवी एक्ट्रेस टीना दत्ता ने अपने प्यारे डॉगी ब्रूनो को खो दिया है। दुख में डूबी एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट लिखकर अपने इस 'बच्चे' को याद किया।

कुछ रिश्ते ऐसे होते हैं, जिनका बिछड़ना शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यह दर्द तब और गहरा हो जाता है, जब बिछड़ने वाला परिवार का वह सदस्य हो, जो हर खुशी और हर मुश्किल में साथ खड़ा रहा हो। टीवी की दुनिया में 'इच्छा' के किरदार से घर-घर में पहचानी जाने वाली एक्ट्रेस टीना दत्ता इन दिनों ऐसे ही गहरे सदमे से गुजर रही हैं। उन्होंने हाल ही में अपने प्यारे 'बच्चे' को हमेशा के लिए खो दिया है।

सोशल मीडिया पर छलका दर्द

टीना दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक दर्द भरी पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उनका प्यारा डॉगी 'ब्रूनो' अब इस दुनिया में नहीं रहा। ब्रूनो के जाने के बाद एक्ट्रेस का दुख सबके सामने आ गया। उन्होंने जो भावुक पोस्ट लिखी, उसे पढ़कर फैंस की आंखें भी नम हो गईं।

एक्ट्रेस के मुताबिक घर का हर कोना अब उन्हें ब्रूनो की याद दिलाता है। चारों ओर पसरा सन्नाटा उन्हें परेशान करता है और दिल आज भी इस सच को मानने के लिए तैयार नहीं है कि उनका सबसे प्यारा साथी अब उनके पास नहीं है।

'10 तारीख को मेरा भी एक हिस्सा मर गया'

ब्रूनो की तस्वीरों के साथ साझा की गई पोस्ट में टीना ने लिखा- 'यह मेरे बच्चे के बिना चौथा दिन है और सब कुछ बहुत अजीब लग रहा है। 10 तारीख को मेरा भी एक हिस्सा मर गया था। फर्क सिर्फ इतना है कि हम दोनों में से सिर्फ एक ने सांस लेना बंद किया। कितनी दर्दनाक बात है।'

उन्होंने आगे लिखा- 'तुम्हारे जाने से जो खालीपन आया है, उसे सहना बहुत मुश्किल है। अब कुछ भी पहले जैसा नहीं लगता। घर, घर जैसा महसूस नहीं होता। हर तरफ सन्नाटा है।'

'अब उन्हीं बातों की सबसे ज्यादा कमी'

एक्ट्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा- 'न तुम्हारी भौंकने की आवाज, न मुझे पुकारना, न प्यार और न बार-बार ध्यान खींचने वाली डिमांड। जो बातें कभी-कभी मुझे थका देती थीं, आज उन्हीं की सबसे ज्यादा कमी महसूस होती है।'

'उतरन' एक्ट्रेस ने आगे लिखा- '9 तारीख की दोपहर तक हम साथ में खुश होकर तस्वीरें खिंचवा रहे थे। किसे पता था कि वे हमारी आखिरी तस्वीरें होंगी। अगर मुझे पता होता, तो मैं तुम्हें थोड़ा और देर तक गले लगाती, थोड़ा और प्यार करती और कभी जाने नहीं देती।'

'मेरी बाहें ही तुम्हारी सबसे सुरक्षित जगह थीं'

टीना ने आगे लिखा- 'तुम चाहे कितने भी दर्द में रहे हो, लेकिन तुम्हारे चेहरे पर हमेशा वही प्यारी मुस्कान रहती थी। आखिरी दिनों में तुम्हारी सबसे पसंदीदा जगह मेरी बाहें थीं। जैसे ही मैं तुम्हें गले लगाती, तुम अपना सारा दर्द भूल जाते और चैन से सो जाते। मानो मेरी बाहें ही तुम्हारी सबसे सुरक्षित जगह थीं।'

भावुक होकर एक्ट्रेस ने आखिर में लिखा- 'मेरे प्यारे बच्चे, काश मैं तुम्हें एक बार फिर गले लगा पाती। तुम्हारी गर्माहट महसूस कर पाती। तुम्हारी आवाज फिर से सुन पाती। इस समय जिंदगी बहुत बेरहम लग रही है। घर का हर कोना, हर आदत और दिन का हर पल मुझे तुम्हारी याद दिलाता है।'

https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/tv-tina-datta-mourns-loss-of-beloved-pet-dog-bruno-share-emotional-post-10569247.html