मैजिक ट्रिक में उलझीं भारती सिंह, आंख खुलते ही भूल गईं गिनती, 1-2 गिनते-गिनते बहे आंसू और सेट पर पसरा सन्नाटा

'लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट सीजन 3' का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें भारती सिंह पर मैजिक ट्रिक आजमाई जाती है। इसके बाद वह गिनती भूल जाती हैं और सेट पर रोने लगती हैं।

कॉमेडी और कुकिंग का तड़का देने वाला रियलिटी शो 'लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट सीजन 3' इन दिनों अपने मजेदार एपिसोड्स को लेकर खूब चर्चा में बना हुआ है। शो में मौजूद सेलिब्रिटी जोड़ियां अपनी फनी हरकतों की वजह से सोशल मीडिया पर लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं। कलर्स टीवी पर प्रसारित होने वाला यह लोकप्रिय शो अब अपनी होस्ट भारती सिंह की वजह से एक बार फिर लाइमलाइट में आ गया है।

शो का एक नया प्रोमो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें भारती सिंह पर एक मैजिक ट्रिक आजमाई जाती है और इसके बाद वह गिनती ही भूल जाती हैं। ट्रिक का असर ऐसा रहा कि वह जोर-जोर से रोने लगीं और सेट पर मौजूद हर शख्स हैरान रह गया।

आखिर कैसे गिनती भूल गईं भारती सिंह

शो में एक हैरान कर देने वाली मैजिक ट्रिक का हिस्सा बनने के बाद कॉमेडियन भारती सिंह को पछताना पड़ गया, क्योंकि आंखें खुलते ही उन्हें गिनती याद नहीं रही। दरअसल, कृष्णा अभिषेक ने इंडियन मेंटलिस्ट यानी जादूगर से भारती पर यह जादू आजमाने को कहा था। जैसे ही ट्रिक का असर हुआ, भारती 1, 2, 4, 5, 6 बोलने की कोशिश करती रहीं, लेकिन हर बार 3 भूल जाती थीं।

इस उलझन में वह परेशान हो गईं और सेट पर ही रोने लगीं। भारती को इस हालत में देखकर कृष्णा और अभिषेक भी हैरान रह गए और उन्होंने उन्हें शांत कराने की कोशिश की।

भारती को देख हंसना भूल गए कृष्णा और अभिषेक

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जादूगर ने भारती से अपनी आंखें बंद करने और कुछ निर्देशों का पालन करने को कहा। लेकिन जब भारती ने आंखें खोलीं तो वह पूरी तरह कन्फ्यूज नजर आईं और उन्हें आसान से नंबर तक याद नहीं आ रहे थे। यहां तक कि वह गिनती करना भी भूल गईं।

1, 2, 4, 5, 6 जैसे नंबर बोलने की कोशिश करते हुए वह रो पड़ीं। उन्हें रोता देख सेट पर मौजूद सभी लोगों की हंसी थम गई, जिनमें कृष्णा अभिषेक और अभिषेक कुमार भी शामिल थे।

मेकर्स ने वीडियो शेयर कर लिखा खास कैप्शन

वीडियो शेयर करते हुए मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, 'होगा लाफ्टर शेफ्स में मजा दोगुना, जब भारती के ऊपर मंडराया खतरा!' इसके साथ ही बताया गया कि यह शो हर शनिवार-रविवार रात 9 बजे प्रसारित होता है।

https://www.indiatv.in/entertainment/tv/bharti-singh-left-in-tears-when-forgets-numbers-after-astonishing-magic-trick-on-laughter-chefs-3-set-falls-silent-2026-06-14-1225028