शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'कॉकटेल 2' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है, यही वजह है कि तीनों कलाकार इन दिनों जोर-शोर से फिल्म के प्रमोशन में लगे हुए हैं। इसी सिलसिले में हाल ही में ये तीनों स्टार पुणे के एक मॉल में पहुंचे, जहां का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अपने चहेते सितारों की एक झलक पाने के लिए मॉल में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा और देखते ही देखते भीड़ बेकाबू हो गई। फैंस ने सितारों को करीब से देखने के चक्कर में बैरिकेड्स तक तोड़ डाले। हालात इस कदर बिगड़ गए कि आयोजन को बीच में ही रोकना पड़ा और कलाकारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वहां से बाहर निकाला गया।
आगे निकल गए शाहिद, रश्मिका को कृति ने संभाला
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह शाहिद कपूर भीड़ से खुद को बचाते हुए सबसे आगे निकल जाते हैं, जबकि कृति और रश्मिका पीछे भीड़ के बीच फंसी रह जाती हैं। ऐसे मौके पर कृति, रश्मिका की ढाल बनकर उन्हें बाहर निकलने में मदद करती हैं। इस दौरान खुद कृति को धक्का भी लगता है, मगर वह बिना घबराए रश्मिका को मजबूती से थामे रहती हैं और उन्हें बचाते हुए सुरक्षित बाहर ले आती हैं।
फैंस ने की कृति सेनन की तारीफ
रश्मिका मंदाना के प्रति कृति सेनन के इस सुरक्षात्मक रवैये को देखकर सोशल मीडिया यूजर्स उनकी सराहना किए बिना नहीं रह सके। कई लोगों ने वीडियो के कमेंट सेक्शन में इस पूरे वाकये पर प्रतिक्रिया दी और कृति की दिल खोलकर तारीफ की। वहीं, कुछ यूजर्स ने शाहिद के इस तरह आगे निकल जाने पर हैरानी भी जताई। लोगों का कहना था कि कृति की जगह शाहिद को रश्मिका और कृति दोनों की मदद करनी चाहिए थी। एक यूजर ने लिखा- 'कृति जिस तरह रश्मिका को बाहर निकाल रही हैं, उसे देखकर लगता है मानो वह उनकी बड़ी बहन हों।' एक अन्य ने कमेंट किया- 'कृति सच में बहुत प्यारी हैं।' इसके अलावा कुछ लोग मॉल के सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर करते दिखे।
'कॉकटेल 2' के बारे में
'कॉकटेल 2' एक रोमांटिक-कॉमेडी फिल्म है, जिसका निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है। इसमें शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म साल 2012 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म 'कॉकटेल' का सीक्वल है, जिसमें दीपिका पादुकोण, डायना पेंटी और सैफ अली खान अहम किरदारों में दिखे थे। नई फिल्म अब से 5 दिन बाद यानी 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/fans-went-out-of-control-at-cocktail-2-event-shahid-kapoor-rushed-ahead-while-kriti-sanon-became-shield-for-rashmika-mandanna-2026-06-14-1224996