पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र के भखुरी गांव में एक दंपति ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। बताया जा रहा है कि दोनों ने साथ में भोजन किया और इसके कुछ ही देर बाद उनकी हालत अचानक बिगड़ने लगी। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में पत्नी ने और जिला अस्पताल में उपचार के दौरान पति ने दम तोड़ दिया।
कौन थे मृतक दंपति
जानकारी के अनुसार मृतकों में 25 वर्षीय सागर यादव और उसकी 23 वर्षीय पत्नी श्याम कली शामिल हैं। दोनों ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। एक ही परिवार के दो सदस्यों की इस तरह असमय मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसर गया है।
भोजन के बाद बिगड़ी हालत
परिजनों के मुताबिक शनिवार रात दोनों ने परिवार के साथ सामान्य रूप से खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चले गए। कुछ समय बीतने के बाद कमरे से चीखने-चिल्लाने और उल्टियां होने की आवाजें सुनाई देने लगीं। यह सुनकर घरवाले घबरा गए और तुरंत कमरे की ओर दौड़े।
जब परिजन कमरे में पहुंचे तो दोनों की हालत बेहद गंभीर थी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका।
वजह अब तक अज्ञात, जांच जारी
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दंपति ने किन कारणों से इतना बड़ा कदम उठाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/panna-husband-wife-committed-suicide-in-bhakhuri-village-10569414.html