हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र शुक्रवार सुबह उस समय गोलियों की आवाज से दहल उठी, जब ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर पहुंचे बदमाशों ने दो युवकों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने डेढ़ दर्जन राउंड गोलियां चलाईं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी और सनसनी फैल गई।
हमले में दो युवक घायल
इस गोलीबारी में गांधी नगर के रहने वाले 20 वर्षीय अमन और 20 वर्षीय प्रिंस गोली लगने से घायल हो गए। दोनों युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के लोग सहम गए।
भागते समय नाले में गिरी स्कॉर्पियो
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार होने की कोशिश करने लगे, तभी आसपास मौजूद लोगों ने आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। भागने की हड़बड़ाहट में हमलावरों की स्कॉर्पियो बेकाबू हो गई और एक नाले में जा गिरी।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की कई टीमें तत्काल मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने नाले में गिरी स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
रंजिश की आशंका
शुरुआती जांच में मामला सट्टे के कारोबार या पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद से जुड़ा हुआ प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते दोनों युवकों पर हमला किया गया। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल
फायरिंग की इस वारदात के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
https://hindi.news18.com/news/haryana/kurukshetra-kurukshetra-miscreants-riding-scorpio-opened-fire-on-two-youths-both-injured-admitted-to-hospital-local18-10569295.html