यूपीएससी प्रीलिम्स रिजल्ट 2026 जल्द, upsc.gov.in पर पीडीएफ में ऐसे खोजें अपना रोल नंबर

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर कभी भी जारी हो सकता है। जानिए रिजल्ट पीडीएफ में रोल नंबर खोजने का आसान तरीका और किन बातों का खास ध्यान रखें।

देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में बैठे लाखों उम्मीदवारों का इंतजार अब खत्म होने को है। यूपीएससी प्रीलिम्स रिजल्ट 2026 आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर किसी भी समय जारी किया जा सकता है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल रहने वाले अभ्यर्थी ही अगले चरण यानी मुख्य परीक्षा (मेंस) में बैठने के पात्र होंगे।

रिजल्ट सामने आते ही लाखों परीक्षार्थी एक ही समय पर वेबसाइट खोलने लगते हैं, जिससे ट्रैफिक अचानक बढ़ जाता है। ऐसे में ऑफिशियल वेबसाइट कुछ देर के लिए धीमी पड़ सकती है या क्रैश हो सकती है। इस परेशानी से बचने के लिए बेहतर है कि आप अपना एडमिट कार्ड पहले से निकालकर रख लें या रोल नंबर कहीं नोट कर लें, ताकि अंतिम समय की हड़बड़ाहट से बचा जा सके।

रिजल्ट कहां और कैसे देखें

यूपीएससी प्रीलिम्स 2026 का परिणाम देखने के लिए किसी फर्जी या अनऑफिशियल वेबसाइट पर जाने की कोई जरूरत नहीं है। आयोग अपना सरकारी रिजल्ट सिर्फ ऑफिशियल वेबसाइट upsc.gov.in पर ही प्रकाशित करता है। इसे देखने की प्रक्रिया बेहद सरल है।

  • अपने मोबाइल या लैपटॉप पर upsc.gov.in खोलें।
  • होमपेज पर What’s New या Written Results का सेक्शन नजर आएगा।
  • वहां Civil Services (Preliminary) Examination, 2026 Result के लिंक पर क्लिक करें।
  • क्लिक करते ही स्क्रीन पर पीडीएफ फाइल खुल जाएगी, यही मेरिट लिस्ट है।

पीडीएफ में रोल नंबर कैसे ढूंढें

यूपीएससी प्रीलिम्स का परिणाम पीडीएफ फाइल के रूप में आता है, जिसमें सफल हजारों उम्मीदवारों के केवल रोल नंबर दिए होते हैं (बाद में नाम के साथ एक अलग लिस्ट भी जारी होती है)। इतनी लंबी सूची में अपना नंबर ढूंढना आसान नहीं होता, लेकिन इसका एक आसान तरीका है।

  • लैपटॉप या कंप्यूटर पर देख रहे हैं तो कीबोर्ड पर Ctrl + F दबाएं।
  • मोबाइल पर पीडीएफ खोलने पर ऊपर दिए गए सर्च (लेंस वाले आइकॉन) पर क्लिक करें।
  • अब उसमें अपना रोल नंबर टाइप करें।

अगर आपका रोल नंबर लिस्ट में हाईलाइट हो जाता है, तो समझ लीजिए कि आपकी मेहनत सफल रही और यूपीएससी मेंस के लिए आपका चयन हो गया है।

रिजल्ट देखते समय इन बातों का रखें ध्यान

रिजल्ट घोषित होने के बाद कई बार अभ्यर्थी घबराहट में आ जाते हैं, जिससे गलती होने की आशंका बढ़ जाती है। इसलिए इन बातों को गांठ बांध लें।

  • एडमिट कार्ड पास रखें: रिजल्ट देखने से पहले अपना एडमिट कार्ड टेबल पर रख लें, ताकि रोल नंबर टाइप करते समय कोई चूक न हो।
  • वेबसाइट क्रैश हो तो संयम रखें: अगर परिणाम आते ही वेबसाइट न खुले तो 10-15 मिनट प्रतीक्षा करें या पेज को बार-बार रिफ्रेश करते रहें।
  • कटऑफ और मार्कशीट: याद रखें कि प्रीलिम्स का रिजल्ट केवल एक क्वॉलिफाइंग लिस्ट होती है। आपके व्यक्तिगत अंक और ऑफिशियल कटऑफ पूरी परीक्षा प्रक्रिया (यानी फाइनल रिजल्ट) समाप्त होने के बाद ही सामने आते हैं।

रिजल्ट के बाद तुरंत शुरू करें मेंस की तैयारी

प्रीलिम्स 2026 में सफल अभ्यर्थियों को एक भी दिन गंवाए बिना यूपीएससी मेंस की तैयारी में जुट जाना चाहिए। प्रारंभिक परीक्षा पास करने के बाद आयोग की वेबसाइट पर DAF-1 (Detailed Application Form) भरना होता है। इसमें हुई छोटी सी गलती भी साल भर की मेहनत पर पानी फेर सकती है, इसलिए इसे बेहद सावधानी से भरें।

यूपीएससी मेंस में सफलता मिलने के बाद एक बार फिर DAF-2 फॉर्म भरना पड़ता है। इसी फॉर्म के आधार पर यूपीएससी इंटरव्यू में उम्मीदवारों से सवाल पूछे जाते हैं।

https://hindi.news18.com/news/career/education-upsc-prelims-result-2026-declared-how-to-check-roll-number-wise-sarkari-result-pdf-upsc-gov-in-10568826.html