वैभव सूर्यवंशी के बाद अब छोटे भाई आशीर्वाद की चमक, महज 10 साल की उम्र में जड़ा शानदार शतक

समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी के बाद अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी सुर्खियों में हैं, जिन्होंने 10 साल की उम्र में एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में 87 गेंदों पर 103 रन की शतकीय पारी खेली।

कहा जाता है कि होनहार बिरवान के होत चीकने पात... समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी ने 15 वर्ष की उम्र में ही अपने हुनर का लोहा मनवाते हुए दुनिया भर में पहचान बना ली है। अब इसी कड़ी में उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने भी 10 साल की उम्र से ही अपनी प्रतिभा की झलक दिखानी शुरू कर दी है।

10 साल की उम्र में जड़ा शतक

क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बना चुके युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के बाद अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी भी चर्चा का केंद्र बन गए हैं। महज 10 वर्ष की उम्र में आशीर्वाद ने समस्तीपुर में खेले गए एक स्थानीय प्रैक्टिस मैच में दमदार शतकीय पारी खेलकर अपने हुनर का परिचय दिया है।

87 गेंदों पर 103 रन की पारी

क्रिकेट अकादमी ताजपुर की ओर से बल्लेबाजी करते हुए आशीर्वाद ने 87 गेंदों का सामना किया और 103 रन की पारी खेली। उनकी इस यादगार पारी में 20 चौके और एक छक्का शामिल रहे। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट खेलते हुए दर्शकों और क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

टीम ने खड़ा किया मजबूत स्कोर

आशीर्वाद की इस शतकीय पारी की बदौलत क्रिकेट अकादमी ताजपुर की टीम ने 29.5 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 234 रन का मजबूत स्कोर बनाया। शतक पूरा करने के तुरंत बाद आशीर्वाद ने हेलमेट उतारकर जश्न मनाया और इस पल की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

पिता की देखरेख में चल रही ट्रेनिंग

आशीर्वाद इस समय समस्तीपुर के ताजपुर स्थित मोतीपुर में अपने पिता संजीव की देखरेख में नियमित रूप से क्रिकेट का अभ्यास कर रहे हैं और अपनी आक्रामक बल्लेबाजी शैली के कारण लगातार पहचान बना रहे हैं। समस्तीपुर के क्रिकेट प्रेमियों में आशीर्वाद सूर्यवंशी को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।

स्थानीय क्रिकेट जगत में चर्चा

छोटी उम्र में ही उनकी आक्रामक बल्लेबाजी शैली और तकनीक स्थानीय क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन चुकी है। कोच और क्रिकेट प्रेमियों का मानना है कि अगर उन्हें लगातार सही मार्गदर्शन मिलता रहा तो वह आगे चलकर बड़े स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

भविष्य पर टिकीं निगाहें

वैभव सूर्यवंशी के बाद अब आशीर्वाद सूर्यवंशी भी अपनी प्रतिभा से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। महज 10 साल की उम्र में शतकीय पारी खेलकर उन्होंने यह संकेत दे दिया है कि समस्तीपुर की क्रिकेट नर्सरी से आने वाले समय में कई और बड़े खिलाड़ी निकल सकते हैं। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब इस नन्हे बल्लेबाज के अगले प्रदर्शन पर टिकी हुई हैं।

https://hindi.news18.com/photogallery/bihar/samastipur-amazing-cricketer-after-vaibhav-sooryavanshi-his-younger-brother-aashirwad-suryavanshi-makes-splash-slams-century-local18-10568401.html