"मां, अभी व्यस्त हूं, बाद में आराम से बात करूंगा" — चंद घंटों बाद आई शुभम की शहादत की खबर, अमर हुए जहानाबाद के लाल

असम के जोरहाट एयरबेस के पास AN-32 विमान हादसे में जहानाबाद के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार शहीद हो गए। मां से उनकी आखिरी वीडियो कॉल अब परिवार के लिए ताउम्र की कसक बन गई है।

बिहार के जहानाबाद जिले के बनवरिया गांव के लिए 13 जून का दिन एक न भूलने वाला जख्म बनकर रह गया। भारतीय वायुसेना के फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार असम के जोरहाट में AN-32 विमान दुर्घटना में देश की सेवा करते हुए शहीद हो गए। इस दर्दनाक हादसे में शुभम समेत वायुसेना के 5 जवानों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिए। शहादत की खबर मिलते ही पूरे गांव और जिले में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन फूट-फूटकर रो रहे हैं।

मां से वह आखिरी बातचीत

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब 9 बजे शुभम ने अपनी मां से वीडियो कॉल पर कुछ पल बात की थी। जल्दबाजी में उन्होंने कहा था, “अभी थोड़ा व्यस्त हूं, बाद में आराम से बात करूंगा।” किसी ने नहीं सोचा था कि यह उनकी आखिरी बातचीत साबित होगी। चंद घंटों बाद जोरहाट एयरबेस के पास उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया और परिवार तक उनके शहीद होने की मनहूस खबर पहुंच गई। इस सूचना ने पूरे परिवार और गांववालों को गहरे सदमे में डाल दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

शुभम के छोटे भाई सत्यम ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने पर पहले तो किसी को यकीन ही नहीं हुआ। बाद में फोन के जरिए जब घटना की पुष्टि हुई, तो मानो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। शुभम की शहादत ने सिर्फ एक परिवार को नहीं, बल्कि पूरे बिहार को भावुक कर दिया है। शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का शहीद के घर पर तांता लगा हुआ है।

किसान परिवार से निकलकर बने वायुसेना अधिकारी

एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले शुभम ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर वर्ष 2021 में भारतीय वायुसेना में अधिकारी के रूप में जगह बनाई थी। परिवार के अनुसार, देश सेवा को सर्वोपरि मानते हुए उन्होंने फिलहाल शादी करने तक से इनकार कर दिया था। परिजनों का कहना है कि शुभम ने हमेशा राष्ट्र की सेवा को अपनी पहली प्राथमिकता रखा।

वीर सपूत पर पूरे जिले को नाज

मिलनसार और सरल स्वभाव के शुभम की शहादत पर पूरे जिले को गर्व है। गांव के लोग नम आंखों से अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं। गांव के एक बुजुर्ग ने कहा कि शुभम ने पूरे इलाके का नाम रोशन किया और उनका यह बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।

शहीद को श्रद्धांजलि

देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले जहानाबाद के वीर सपूत फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार को शत-शत नमन।

https://hindi.news18.com/news/bihar/jehanabad-last-call-with-mother-before-martyrdom-flight-lieutenant-shubham-kumar-jorhat-an32-crash-jehanabad-story-local18-ws-dn-10568337.html