भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) ने एशियाई खेलों के लिए अपने दल का ऐलान कर दिया है। इस बार भारत की निगाहें 2023 के अपने बेहतरीन प्रदर्शन को दोहराने, बल्कि उससे भी आगे निकलने पर टिकी होंगी। ये खेल 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक खेले जाएंगे।
दिग्गजों के हाथ में कमान
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु तथा मौजूदा पुरुष युगल चैंपियन सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी एशियाई खेलों में भारतीय टीम की अगुआई करेगी। बीएआई की चयन समिति ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हालिया प्रदर्शन और 26 मई तक की बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग को परखने के बाद टीम को अंतिम रूप दिया।
शीर्ष पुरुष एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन की अगुआई वाले इस दल में पिछले चरण के कांस्य पदक विजेता एचएस प्रणय और पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत को भी जगह दी गई है। ये सभी हांग्झोउ में हुए पिछले चरण में रजत पदक जीतने वाले भारत के ऐतिहासिक पुरुष टीम अभियान का हिस्सा रहे थे।
हांग्झोउ का यादगार प्रदर्शन
हांग्झोउ में भारत ने बैडमिंटन में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था और एक स्वर्ण, एक रजत तथा एक कांस्य (प्रणय का व्यक्तिगत पदक) पदक हासिल किया था। पुरुष टीम में उसी मुख्य समूह के अधिकांश खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्होंने इस साल की शुरुआत में बीडब्ल्यूएफ थॉमस कप में कांस्य पदक जीता था।
बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आयुष शेट्टी के अलावा बीडब्ल्यूएफ विश्व जूनियर चैंपियनशिप की व्यक्तिगत स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली तन्वी शर्मा और टीम चैंपियनशिप पदक विजेता उन्नति हुड्डा को अंतरराष्ट्रीय सर्किट पर शानदार प्रदर्शन के दम पर टीम में शामिल किया गया है।
महासचिव का बयान
बीएआई के महासचिव संजय मिश्रा ने कहा, ‘आज भारतीय बैडमिंटन उस मुकाम पर है जहां सफलता सिर्फ व्यक्तिगत श्रेष्ठता से नहीं, बल्कि हर श्रेणी में बढ़ती प्रतिभा की गहराई से तय हो रही है। सात्विक-चिराग अपनी बेहतरीन लय में लौट आए हैं। लक्ष्य दुनिया के शीर्ष 10 में वापसी कर चुके हैं। पुरुष टीम ने एक बार फिर थॉमस कप में पोडियम तक पहुंच बनाई है। सिंधु और हमारे वरिष्ठ खिलाड़ी लगातार बेहतरीन खेल दिखा रहे हैं और युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अहम नतीजे दे रहे हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘यह टीम उसी सफर की झलक है। इसमें अनुभव, गहराई और उभरती प्रतिभा का संगम है। हमें भरोसा है कि इसमें एशियाई खेलों में मजबूती से चुनौती पेश करने और देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता और जज्बा दोनों मौजूद हैं।’
एशियाई खेलों में भारत का इतिहास
एशियाई खेलों के इतिहास में भारतीय बैडमिंटन अब तक 13 पदक जीत चुका है, जिनमें पिछले चरण का ऐतिहासिक स्वर्ण पदक भी शामिल है। कुल मिलाकर सबसे ज्यादा पदक भारत ने 1982 के नयी दिल्ली एशियाई खेलों में जीते थे, जब देश ने पांच कांस्य पदक अपने नाम किए थे।
युगल और एकल में मजबूत दावेदारी
पुरुष युगल जोड़ी हरिहरन अमसाकरुणन और एम आर अर्जुन इस समय अच्छी फॉर्म में हैं। अर्जुन के पास 2022 में भारत की रजत पदक जीतने वाली पुरुष टीम का अनुभव भी है। महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद भारत की चुनौती को धार दे रही हैं, जबकि सिमरन सिंघी और कविप्रिया सेल्वम भी इस वर्ग में शामिल हैं।
थाईलैंड मास्टर्स सुपर 300 चैंपियन देविका सिहाग के साथ-साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ी इशारानी बरुआ और थारुण मन्नेपल्ली भारत की एकल टीम को और मजबूती देते हैं। वहीं ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो युगल टीम में कौशल और अनुभव दोनों जोड़ते हैं।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप में भारत सभी पांचों स्पर्धाओं में हिस्सा लेगा। पुरुष एकल में सेन और शेट्टी, जबकि महिला एकल में सिंधु और हुड्डा उतरेंगी। पुरुष युगल में सात्विक-चिराग के साथ हरिहरन-अर्जुन मुकाबला करेंगे, महिला युगल में त्रिसा-गायत्री और कविप्रिया-सिमरन भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी, और मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला तथा तनीषा क्रास्टो की शीर्ष जोड़ी मैदान में होगी।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय दल
टीम चैंपियनशिप
पुरुष: लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी, एच एस प्रणय, किदांबी श्रीकांत, थारुण मन्नेपल्ली, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी, चिराग शेट्टी, हरिहरन अम्सकरुनन, एम आर अर्जुन, ध्रुव कपिला।
महिला: पीवी सिंधु, उन्नति हुडा, देविका सिहाग, तन्वी शर्मा, ईशारानी बरुआ, त्रिसा जॉली, गायत्री गोपीचंद पुलेला, कविप्रिया सेल्वम, सिमरन सिंघी, तनीषा क्रास्टो।
व्यक्तिगत चैंपियनशिप
- पुरुष एकल: लक्ष्य सेन, आयुष शेट्टी।
- महिला एकल: पीवी सिंधू, उन्नति हुडा।
- पुरुष युगल: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी, हरिहरन अम्सकरुनन और एम आर अर्जुन।
- महिला युगल: त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद पुलेला, कविप्रिया सेल्वम और सिमरन सिंघी।
- मिश्रित युगल: ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो।
https://hindi.news18.com/news/sports/others-badminton-association-of-india-announced-asain-games-2026-squad-pv-sindhu-lakshya-sen-included-see-full-squad-10567463.html