मुजफ्फरपुर शहर की पहचान सिर्फ अपनी शाही लीची तक सीमित नहीं है। यहां कई ऐसे पारंपरिक स्वाद भी हैं जो पीढ़ियों से लोगों की जुबान पर बसे हुए हैं। ऐसा ही एक नाम है गुप्ता जी की लस्सी, जिसका जायका बीते 56 वर्षों से लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। धर्मशाला इलाके में संतोषी माता मंदिर के ठीक सामने मौजूद यह दुकान आज भी शहरवासियों के साथ-साथ बाहर से आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। अगर आप कभी मुजफ्फरपुर जाएं तो इस लस्सी का स्वाद चखना न भूलें।
तीन पीढ़ियों से कायम है यही जायका
गुप्ता जी की लस्सी की शुरुआत वर्ष 1970 में स्वर्गीय मोहन प्रसाद ने की थी। मूल रूप से पटना जिले के मनेर के रहने वाले मोहन प्रसाद मुजफ्फरपुर आए और यहीं बस गए। उन्होंने अपनी मेहनत और खास स्वाद के बल पर इस लस्सी को ऐसी पहचान दी कि देखते ही देखते यह दुकान शहर की प्रसिद्ध दुकानों में शुमार हो गई।
समय के साथ इस पुश्तैनी कारोबार की कमान उनके बेटों जितेंद्र प्रसाद गुप्ता और संतोष कुमार गुप्ता ने संभाली। अब तीसरी पीढ़ी भी इस व्यवसाय से जुड़ चुकी है और उसी गुणवत्ता के साथ इस पारंपरिक स्वाद को आगे बढ़ा रही है। यही वजह है कि वर्षों बाद भी ग्राहकों का भरोसा इस दुकान पर बना हुआ है।
क्या है इस लस्सी की खासियत
इस लस्सी की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अनोखी तैयारी है। इसे दही, चीनी, खोआ और काजू जैसी गुणवत्तापूर्ण सामग्री से बनाया जाता है। खास बात यह है कि इसे तीन परतों में सजाया जाता है। सबसे नीचे घर के दूध से तैयार ताजा दही होता है, उसके ऊपर खोआ की परत और सबसे ऊपर काजू डाले जाते हैं। तैयारी का यही अनूठा तरीका इसे सामान्य लस्सी से अलग बनाता है और ग्राहकों को एक खास स्वाद का अनुभव देता है।
75 पैसे से शुरू हुआ था सफर, आज 85 रुपये ग्लास
दुकानदार संतोष कुमार गुप्ता बताते हैं कि जब इस लस्सी की शुरुआत हुई थी, तब इसकी कीमत महज 75 पैसे थी। समय के साथ महंगाई बढ़ी और लागत भी बढ़ी, लेकिन स्वाद और गुणवत्ता से कभी समझौता नहीं किया गया। फिलहाल एक गिलास लस्सी की कीमत 85 रुपये है, फिर भी इसकी लोकप्रियता में जरा भी कमी नहीं आई है।
गर्मी के मौसम में यहां ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ती है। कुछ लोग दुकान पर बैठकर लस्सी का आनंद लेते हैं, तो कई इसे पैक कराकर अपने घर और रिश्तेदारों के लिए ले जाते हैं।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-famous-gupta-ji-lassi-of-muzaffarpur-same-taste-for-56-years-local18-ws-l-10567244.html