धर्मशाला में बारिश के कारण 25-25 ओवर के हुए रोमांचक मुकाबले में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. डेब्यू कर रहे हर्ष दुबे और गुरनूर ब्रार की कसी गेंदबाजी के बाद कप्तान शुभमन गिल की कप्तानी पारी ने टीम इंडिया को आसान जीत दिला दी.
गिल और राहुल ने मिलकर लक्ष्य किया हासिल
जीत के लिए मिले 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत झटके के साथ हुई, जब सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा 16 रन बनाकर रनआउट हो गए. इसके बाद गिल ने ईशान किशन (34) के साथ पारी को संभाला. ईशान और श्रेयस अय्यर (12) के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए केएल राहुल ने आते ही अफगान गेंदबाजों पर हमला बोल दिया.
राहुल ने महज 19 गेंदों में 4 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के लगाते हुए नाबाद 39 रनों की तूफानी पारी खेली. दूसरे छोर पर कप्तान गिल ने 66 गेंदों में 11 चौके और 2 छक्के जड़कर नाबाद 84 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और टीम को 22.5 ओवर में ही तीन विकेट खोकर लक्ष्य तक पहुंचा दिया. अफगान गेंदबाज पूरी तरह नाकाम रहे और केवल राशिद खान तथा जिया उर रहमान शरीफी को 1-1 सफलता मिली.
गुरबाज के शतक के बावजूद अफगानिस्तान 194 पर ढेर
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही, जब अर्शदीप सिंह और गुरनूर ब्रार ने उसके शीर्ष क्रम को सस्ते में समेट दिया. हालांकि एक छोर पर लगातार गिरते विकेटों के बीच सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने तबाही मचा दी और महज 51 गेंदों में 8 चौकों तथा 8 छक्कों की मदद से 102 रन ठोक डाले.
मध्यक्रम में कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (27) और अजमतुल्लाह उमरजई (26) ने कुछ संघर्ष किया, लेकिन भारतीय स्पिनर हर्ष दुबे (3 विकेट) और मध्यम गति के गेंदबाज गुरनूर ब्रार (3 विकेट) के सामने पूरी टीम 24.5 ओवर में 194 रनों पर सिमट गई. नीतीश कुमार रेड्डी और अर्शदीप सिंह ने भी दो-दो विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ने में अहम भूमिका निभाई.
गिल और रोहित ने रचा कीर्तिमान
इस मुकाबले के दौरान शुभमन गिल वनडे क्रिकेट में सबसे तेज 3000 रन बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए. वहीं रोहित शर्मा ने बतौर ओपनर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 16000 रन पूरे कर लिए.
डेब्यूटेंट दुबे और ब्रार ने किया प्रभावित
लगातार बारिश के कारण मैच की शुरुआत में चार घंटे 15 मिनट की देरी हुई, लेकिन आसमान साफ होने के बाद बेहतरीन ड्रेनेज सिस्टम के चलते ज्यादा समय बर्बाद नहीं हुआ. इसके बाद मैच को घटाकर 25-25 ओवर का कर दिया गया और भारत ने टॉस जीतकर विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया.
टी20 क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुरबाज स्पष्ट सोच के साथ मैदान पर उतरे और शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया. शुरुआत में गेंद हवा में थोड़ी स्विंग हो रही थी, फिर भी उन्होंने अर्शदीप की गेंद पर कट लगाकर चौका जड़ा और आगे बढ़कर इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को सीधे मैदान के ऊपर से छक्का जड़ दिया.
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ब्रार लंबे समय तक भारतीय टीम के साथ नेट गेंदबाज रह चुके हैं. उन्होंने अपने पहले ओवर में लगातार 145 किमी प्रति घंटा से अधिक की रफ्तार से गेंदबाजी करते हुए गेंद को बाहर की ओर स्विंग कराया और पदार्पण मैच में 4.5 ओवर में 27 रन देकर तीन विकेट झटके. पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर दुबे ने भी 47 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए, जबकि अर्शदीप सिंह ने 27 रन और नीतीश कुमार रेड्डी ने 31 रन देकर दो-दो विकेट लिए.
अर्शदीप-ब्रार ने जल्दी तोड़ी अफगान कमर
ब्रार की कुछ शुरुआती गेंदें फुल लेंथ से बाहर की ओर स्विंग हुईं, जिसके बाद उन्होंने लेंथ थोड़ी छोटी करते हुए सलामी बल्लेबाज इब्राहिम जदरान को गलती करने पर मजबूर किया और वह हवा में शॉट खेलने के प्रयास में मिड-ऑफ पर कैच आउट हो गए. पंजाब के इस तेज गेंदबाज को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तुरंत सफलता मिल गई.
अर्शदीप ने सेदिकुल्लाह अटल को एलबीडब्ल्यू आउट किया, जिससे अफगानिस्तान का स्कोर 16 रन पर दो विकेट हो गया. इसके बाद रहमत शाह भी अर्शदीप की गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में आउट हुए और स्कोर तीन विकेट पर 26 रन पहुंच गया.
गुरबाज ने 14 रन पर मिले जीवनदान का उठाया फायदा
गुरबाज 14 रन के निजी स्कोर पर आउट हो सकते थे, लेकिन अर्शदीप और भारत ने रिव्यू न लेने का फैसला किया. इस मौके को भुनाते हुए गुरबाज ने अपना नौवां वनडे शतक जड़ दिया और आक्रामक खेल से दुबे समेत सभी गेंदबाजों पर दबाव बनाया. दुबे के पहले दो ओवरों में 26 रन बने, जिसमें गुरबाज ने उनकी दो शॉर्ट गेंदों पर मिड-विकेट के ऊपर से छक्के जड़े. उन्होंने ब्रार की एक शॉर्ट गेंद पर भी छक्का लगाया और प्रसिद्ध कृष्णा तथा वाशिंगटन सुंदर जैसे गेंदबाजों की भी जमकर धुनाई की.
हालांकि नीतीश कुमार ने सधी हुई गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए. 16वें ओवर में गुरबाज के आउट होने से रन गति धीमी पड़ गई और अफगानिस्तान उनकी मजबूत नींव का पूरा फायदा नहीं उठा सका. दुबे ने अपने दूसरे स्पेल में कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी (30 गेंदों पर 27 रन), आक्रामक ऑलराउंडर अजमतुल्लाह उमरजई (16 गेंदों पर 26 रन) और एएम गजनफर को आउट कर विकेटों का खाता खोला.
https://hindi.news18.com/cricket/india-beat-afghanistan-by-7-wicket-in-first-odi-at-dharamsala-shubman-gill-kl-rahul-harsh-dubey-gurnoor-brar-shine-ws-n-10567866.html