पैसों के विवाद में घिरे प्रिंस नरूला, रैपर हिटजोन के गंभीर आरोप; सबूत के तौर पर शेयर किए वॉयस नोट्स

रैपर हिटजोन ने प्रिंस नरूला पर साथ में किए गए गानों का बकाया भुगतान न करने का आरोप लगाया है और इसके सबूत के रूप में ऑडियो क्लिप सार्वजनिक की हैं।

तान्या मित्तल के बाद अब रियलिटी टीवी की दुनिया के चर्चित चेहरे प्रिंस नरूला भी बकाया भुगतान को लेकर विवाद में आ गए हैं। रैपर हिटजोन ने एक वीडियो साझा करते हुए उन पर साथ में किए गए गानों का पैसा न चुकाने का गंभीर आरोप लगाया है और दावे की पुष्टि के लिए कुछ ऑडियो क्लिप भी जारी की हैं।

रैपर हिटजोन ने उठाए तीखे सवाल

हिटजोन ने अपने वीडियो में सवाल किया कि क्या रोडीज के जज पैसे कमा पा रहे हैं? उन्होंने आगे कहा कि अगर वे कमाई कर रहे हैं तो किसी कलाकार का हक क्यों रोक रहे हैं। रैपर के शब्दों में, 'अगर कमा पा रहे हैं तो आर्टिस्ट का हक क्यों खा रहे हैं?'

रैपर का कहना है कि प्रिंस के 'द 50' में और खुद उनके 'द सोसाइटी' में जाने से पहले दोनों ने 'बैंग बैंग' गाने पर मिलकर काम किया था। विवाद इसी काम के भुगतान को लेकर है।

अस्पताल के बिल का जिक्र

हिटजोन के मुताबिक प्रिंस के मैनेजर ने उनकी टीम को बताया था कि प्रिंस को इस मामले की जानकारी नहीं थी और 'द 50' से लौटने के बाद वे इस पर बात करेंगे। रैपर का आरोप है कि उन्होंने प्रिंस से भुगतान उस समय मांगा था, जब उन्हें अस्पताल का बिल चुकाने के लिए पैसों की जरूरत थी।

उन्होंने वीडियो में कहा, 'जब मुझे अस्पताल का बिल भरना होता है तो वही पेमेंट काम आता है, गाने के डिस्क्रिप्शन में मिला क्रेडिट काम नहीं आता।' रैपर ने यह भी दावा किया कि उन्होंने 'बैंग बैंग' और 'सपनों में' के भुगतान को लेकर प्रिंस को मैसेज भेजा था, मगर प्रिंस की ओर से जवाब आया कि कौन सा पेमेंट?

ऑडियो क्लिप के जरिए दावे

हिटजोन ने बताया कि वे प्रिंस के भेजे गए वॉयस नोट्स को अपने वीडियो में सबूत के तौर पर सुना रहे हैं। एक ऑडियो क्लिप में प्रिंस को यह कहते सुना जा सकता है, 'गाने का नहीं, गेम में तो वैसे भी कोई पैसा नहीं होता...'। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए रैपर ने कहा, 'गाने का पेमेंट क्यों नहीं है? मैंने गाना नहीं लिखा क्या? या आपसे लिखा या आप AI से मिला?'

मुनव्वर फारुकी का जिक्र और दूसरी क्लिप

रैपर ने यह भी दावा किया कि उन्होंने बकाया भुगतान के बारे में मुनव्वर फारुकी से बात की थी और मुनव्वर ने बदले में प्रिंस से इस मामले को सुलझाने के लिए कहा था। हिटजोन के अनुसार, इसके बाद प्रिंस ने उन्हें फोन कर पूछा कि वे किसी और को इस विवाद में क्यों जोड़ रहे हैं।

इसके बाद हिटजोन ने एक और ऑडियो क्लिप चलाई, जिसमें प्रिंस कहते सुनाई देते हैं कि अगर उन्हें 5-10 लाख रुपये खर्च करने होते तो वे किसी बड़े रैपर को हायर करते। रैपर ने यह आरोप भी जोड़ा कि प्रिंस ने एक बार उनसे एल्विश यादव को डिस करने के लिए कहा था, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया था।

https://www.indiatv.in/entertainment/tv/rapper-hitzone-accuses-prince-narula-over-pending-payments-shares-alleged-voice-notes-on-internet-2026-06-13-1224907