अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला टीम इंडिया ने 7 विकेट से जीतकर शानदार आगाज किया। धर्मशाला के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में बारिश के कारण ओवर घटाकर 25-25 कर दिए गए और भारत को जीत के लिए 195 रनों का लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 22.5 ओवरों में हासिल कर लिया। इस मैच में कप्तान शुभमन गिल ने नाबाद 84 रनों की दमदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसी मुकाबले में गिल ने अपने 3000 वनडे रन भी पूरे किए और यह आंकड़ा सबसे कम पारियों में छूने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए।
सिर्फ 62 पारियों में 3000 रन का आंकड़ा
भारतीय वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल का बल्ला इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार रंग में नजर आ रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में भी उन्होंने इसी लय को बरकरार रखते हुए 66 गेंदों पर 11 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 84 रन बनाए। इस मैच से पहले गिल को तीन हजार वनडे रन पूरे करने के लिए महज 47 रनों की जरूरत थी, जिसे उन्होंने बेहद सहजता से पार कर लिया। इसके साथ ही गिल वनडे प्रारूप में सबसे कम पारियों में तीन हजार रन तक पहुंचने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए। इस सूची में पहले स्थान पर साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी हाशिम अमला हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि सिर्फ 57 पारियों में हासिल की थी।
वनडे में सबसे कम पारियों में 3000 रन बनाने वाले खिलाड़ी
- हाशिम अमला (साउथ अफ्रीका) - 57 पारियां
- शुभमन गिल (भारत) - 62 पारियां
- शे होप - 67 पारियां
- फखर जमान - 67 पारियां
- इमाम उल हक - 67 पारियां
बीच के और डेथ ओवरों में शानदार वापसी
धर्मशाला में जीत के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में शुभमन गिल ने कहा कि टीम इस मुकाबले को टी20 की तरह देख रही थी। उन्होंने बताया कि जिस तरह से हमने शुरुआत की, उसके बाद विरोधी टीम ने खेल अपने हाथ में ले लिया और गुरबाज ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा। गिल के मुताबिक, जिस अंदाज में टीम ने बीच के ओवरों और डेथ ओवरों में वापसी की, वह कमाल का रहा। उन्होंने यह भी माना कि पिच बल्लेबाजी के लिहाज से काफी अच्छी थी। इस मैच में डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार और हर्ष दुबे की तारीफ करते हुए कप्तान ने कहा कि गुरनूर ने जिस तरह गेंद को स्विंग कराते हुए सही लेंथ पर डाला, वह उन्हें बहुत पसंद आया। वहीं हर्ष ने अपने पहले ओवर में 16-17 रन लुटाने के बावजूद खुद पर भरोसा बनाए रखा और वापसी करते हुए तीन विकेट झटके।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/shubman-gill-becomes-fastest-indian-player-completed-3000-runs-in-odi-only-just-62-innings-ind-vs-afg-2026-06-13-1224941