बहन की हत्या कर खुद थाने पहुंचा भाई, पुलिस के सामने कुबूला अपना जुर्म

फतेहपुर जिले में एक युवक ने प्रेम-प्रसंग के चलते अपनी 19 वर्षीय बहन की गला दबाकर हत्या कर दी और शव कुएं में फेंकने के बाद खुद पुलिस चौकी पहुंचकर अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव बरामद कर लिया है।

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को हिला कर रख दिया। यहां गैर बिरादरी के एक युवक के प्रेम में डूबी युवती ने शादी के बाद भी अपने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ भागने की तैयारी कर ली थी। इसी बात से नाराज भाई ने युवती की हत्या कर दी और उसके शव को कुएं में फेंकने के बाद सीधे थाने पहुंचकर खुद ही अपना गुनाह कबूल कर लिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया और मौके पर पहुंचकर युवती का शव कुएं से बाहर निकाला गया।

आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी

फतेहपुर जिले के थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक खुद चलकर पुलिस चौकी पहुंचा और अपनी बहन की हत्या किए जाने की जानकारी देने लगा। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देश पर थरियांव थाना पुलिस और स्थानीय टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से निकाला, उसे कब्जे में लिया और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, थाना थरियांव के धनवा निवासी शिव सिंह यादव के बेटे संदीप यादव ने हसवा चौकी पहुंचकर बताया कि उसने अपनी 19 वर्षीय बहन रंजू यादव का गला दबाकर हत्या कर दी है और शव को एक कुएं में फेंक दिया है। इसके बाद थरियांव थाना प्रभारी शमशेर बहादुर भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और बताई गई जगह की घेराबंदी कर कुएं से शव बरामद कराया तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

समझाने पर नहीं मानी तो भाई ने उतारा मौत के घाट

आरोपी युवक के दादा फूल सिंह ने बताया कि पोती रंजू का गांव के ही कसाई बिरादरी के एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और कुछ दिन पहले वह उसके साथ भाग भी गई थी। बाद में उसे ढूंढकर वापस लाया गया और पिछली 1 मई को पिंटू यादव के साथ उसकी शादी कर दी गई। उन्होंने बताया कि ससुराल में भी रंजू की हरकतें वैसी ही रहीं, जिस पर ससुराल वालों ने साफ कह दिया था कि बेटी को घर ले जाओ, हम नहीं रखेंगे।

भाई संदीप यादव कमाने के लिए बाहर गया हुआ था, लेकिन वह कब लौटकर रंजू को ससुराल बडनपुर से लेने पहुंच गया, इसकी किसी को भनक नहीं लगी। रास्ते में संदीप ने बहन को काफी समझाने की कोशिश की, मगर जब वह नहीं मानी तो उसने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी कुछ दिन पहले अहमदाबाद से फतेहपुर आया था। जांच में सामने आया कि वह अपनी बहन को ससुराल से अपने साथ लेकर निकला और हसवा क्षेत्र के जंगल की ओर ले गया, जहां कथित रूप से वारदात को अंजाम देने के बाद शव को कुएं में फेंक दिया।

हर पहलू की निष्पक्ष जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत पड़ताल कर रही है और जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/brother-arrives-at-police-station-after-killing-his-sister-confesses-to-the-crime-and-provides-details-of-the-incident-to-the-police-in-fatehpur-2026-06-13-1224919