पाकिस्तान का दावा बेनकाब: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की ओर से ईरान और अमेरिका के बीच पीस डील को लेकर किए गए बड़े दावे पर सवाल उठ खड़े हुए हैं। शहबाज शरीफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा था कि अगले 24 घंटे के भीतर शांति समझौते की बातचीत अंतिम रूप ले लेगी और इस पर इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हस्ताक्षर हो सकते हैं। लेकिन अब ईरान ने इस दावे को खारिज करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि रविवार (14 जून) को इस समझौते पर कोई साइन नहीं होने जा रहा।
ईरान ने शहबाज के दावे पर उठाए सवाल
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता Esmaeil Baghaei ने कहा कि इस्लामाबाद मेमोरेंडम पर आने वाले दिनों में हस्ताक्षर होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, मगर इसकी कोई तय तारीख बताना अभी जल्दबाजी होगी। ईरान के इस बयान के बाद शहबाज शरीफ के उस दावे पर प्रश्नचिह्न लग गया है, जिसमें उन्होंने अगले 24 घंटे में समझौते पर हस्ताक्षर की बात कही थी। इससे दोनों देशों के बयानों में साफ विरोधाभास नजर आ रहा है।
इस्लामाबाद मेमोरेंडम पर हस्ताक्षर होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन दूसरे पक्ष की हिचकिचाहट को देखते हुए समझौते पर साइन की तारीख के बारे में कोई भी बयान देते समय सावधानी बरतनी चाहिए: Esmaeil Baghaei
इलेक्ट्रॉनिक हस्ताक्षर को लेकर शहबाज का बयान
इससे पहले पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने X पर लिखा था, 'हम पीस डील के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। अगले 24 घंटों में इसके अंतिम रूप लेने की उम्मीद है, और उसके तुरंत बाद पाकिस्तान इस समझौते पर इलेक्ट्रॉनिक तरीके से हस्ताक्षर करने की तैयारी कर रहा है। इसके बाद अगले हफ्ते तकनीकी स्तर की बातचीत होगी।'
शहबाज ने ईरान और अमेरिका का जताया आभार
शहबाज शरीफ ने आगे लिखा, 'हम बातचीत के दौरान लगातार प्रतिबद्धता बनाए रखने के लिए अमेरिका और ईरान का धन्यवाद देना चाहते हैं, और इस क्षेत्र में अपने भाइयों के सहयोग के लिए दिल से आभार प्रकट करते हैं। हमें पूरा भरोसा है कि यह ऐतिहासिक पीस डील स्थायी शांति की एक मजबूत बुनियाद बनेगी।'
https://www.indiatv.in/world/asia/iran-rejects-pakistan-pm-shehbaz-sharif-claim-united-states-peace-deal-signing-date-2026-06-13-1224911