लेनेवो ने अपनी लोकप्रिय Yoga प्रोडक्ट सीरीज़ का दायरा बढ़ाते हुए नए योगा ट्रू वायरलेस नॉइस कैंसेलिंग ईयरबड्स बाज़ार में उतार दिए हैं. फिलहाल कंपनी ने इन ईयरबड्स को चीन में लॉन्च किया है. इन्हें खास तौर पर उन यूजर्स के लिए तैयार किया गया है जो बेहतरीन साउंड क्वालिटी, शानदार कॉलिंग एक्सपीरिएंस और लंबे समय तक चलने वाली बैटरी की तलाश में रहते हैं. इन TWS ईयरबड्स में 40dB तक की एक्टिव नॉइस कैंसलेशन (ANC), 12.2mm डायनेमिक ड्राइवर और 36 घंटे तक की बैटरी लाइफ समेत कई प्रीमियम खूबियां शामिल की गई हैं.
कीमत और कलर ऑप्शन
लेनेवो योगा ट्रू वायरलेस नॉइस कैंसेलिंग ईयरबड्स की कीमत चीन में 599 युआन (करीब 8,300 रुपये) तय की गई है. हालांकि शुरुआती ऑफर के तहत इन्हें 509 युआन (करीब 7,200 रुपये) में खरीदा जा सकता है. कंपनी ने इन ईयरबड्स को ऑफ-व्हाइट कलर ऑप्शन में पेश किया है.
दमदार ऑडियो और शोर पर लगाम
ऑडियो परफॉर्मेंस की बात करें तो इन ईयरबड्स में 12.2mm डायनेमिक ड्राइवर लगाए गए हैं, जो दमदार और साफ-सुथरी आवाज़ देने का दावा करते हैं. इसके साथ मौजूद 40dB तक की ANC तकनीक आसपास के शोर को कम करने में मदद करती है, जिससे म्यूजिक सुनना और कॉल पर बात करना ज़्यादा बेहतर हो जाता है.
कॉलिंग को बेहतर बनाने के लिए हर ईयरबड में तीन माइक्रोफोन दिए गए हैं. लेनेवो के मुताबिक इनमें वॉयसप्रिंट रिकग्निशन और एनवायरमेंटल नॉइज कैंसिलेशन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिसकी वजह से बैकग्राउंड के शोर से अलग होकर आपकी आवाज़ साफ सुनाई देती है. यह सुविधा ऑनलाइन मीटिंग्स और वीडियो कॉल्स के दौरान काफी काम आ सकती है.
कनेक्टिविटी और स्विचिंग
कनेक्टिविटी के मोर्चे पर भी कंपनी ने कई सुविधाएं दी हैं. ये ईयरबड्स लेनेवो Yoga PC के साथ इंस्टेंट पेयरिंग को सपोर्ट करते हैं. इसके अलावा डुअल-डिवाइस कनेक्टिविटी की मदद से यूजर्स एक साथ दो डिवाइस से जुड़े रह सकते हैं और ट्रिपल-टैप जेस्चर के ज़रिए आसानी से एक डिवाइस से दूसरे पर स्विच कर सकते हैं.
बैटरी, फास्ट चार्जिंग और टिकाऊपन
बैटरी की बात करें तो ANC बंद रहने पर ये ईयरबड्स 7 घंटे तक का प्लेबैक टाइम देते हैं, जबकि चार्जिंग केस के साथ कुल बैकअप 36 घंटे तक पहुंच जाता है. फास्ट चार्जिंग सपोर्ट की बदौलत महज 10 मिनट की चार्जिंग पर 2 घंटे तक म्यूजिक का मज़ा लिया जा सकता है. IPX4 रेटिंग के साथ आने वाले ये ईयरबड्स पसीने और हल्के पानी के छींटों से भी सुरक्षित रहते हैं.
कुल मिलाकर, प्रीमियम फीचर्स से लैस नए वायरलेस ईयरबड्स की तलाश कर रहे यूजर्स के लिए लेनेवो योगा ईयरबड्स एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं.
https://hindi.news18.com/news/tech/launch-review-lenovo-yoga-true-wireless-anc-earbuds-launched-with-40db-noise-cancellation-36-hours-battery-life-10566297.html