नेटफ्लिक्स पर आ रही सनी देओल और अक्षय खन्ना की 'इक्का', सामने आई रिलीज की तारीख

क्राइम-थ्रिलर 'इक्का' 10 जुलाई, 2026 से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। 'बॉर्डर' के 29 साल बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना एक बार फिर पर्दे पर साथ नजर आएंगे।

बॉलीवुड के दमदार अभिनेता सनी देओल एक बार फिर दर्शकों के सामने आने को तैयार हैं, और इस बार उनके साथ हैं अक्षय खन्ना। जिस दिन से इस फिल्म की घोषणा हुई थी, तभी से प्रशंसक इसकी रिलीज तारीख का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अब उनके लिए राहत भरी खबर आ गई है, क्योंकि मेकर्स ने सनी देओल और अक्षय खन्ना अभिनीत 'इक्का' की रिलीज डेट का खुलासा कर दिया है। इससे पहले इन दोनों कलाकारों ने साल 1997 में आई 'बॉर्डर' में साथ काम किया था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की थी। अब 29 साल के लंबे अंतराल के बाद दोनों फिर एक साथ नजर आने वाले हैं, जिसे लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

कब और कहां रिलीज होगी 'इक्का'

सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी 'इक्का' एक क्राइम-थ्रिलर है। यह फिल्म 10 जुलाई, 2026 से ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध होगी। खास बात यह है कि इस फिल्म की घोषणा नेटफ्लिक्स ने अपने इंडिया लाइनअप स्लेट इवेंट के दौरान की थी। यह आयोजन फरवरी में हुआ था, जहां 'इक्का' का ऐलान होते ही फैंस खुशी से झूम उठे थे। लंबे समय बाद सनी देओल और अक्षय खन्ना की जोड़ी को एक साथ देखने को लेकर दर्शक अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं।

क्या है 'इक्का' की कहानी

नेटफ्लिक्स ने फरवरी में ही 'इक्का' का फर्स्ट लुक सामने रखा था, जिसमें सनी देओल एक वकील के किरदार में नजर आ रहे हैं। ओटीटी प्लेटफॉर्म के मुताबिक, फिल्म की कहानी एक सम्मानित और ईमानदार वकील के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसे एक हत्या के आरोपी का मुकदमा लड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता है। यह वही व्यक्ति है, जिसका करियर कभी इसी ईमानदार वकील ने तबाह कर दिया था। अब वही शख्स दोबारा उसके सामने खड़ा है, लेकिन इस बार वकील को उसका केस लड़ना है और हर हाल में जीतना भी है, फिर चाहे इसके लिए अपनाया गया रास्ता नैतिक हो या अनैतिक। केस हारने की सूरत में उस पर एक बड़ा खतरा मंडरा रहा है।

फिल्म की पूरी कास्ट

'इक्का' की स्टारकास्ट की बात करें तो सनी देओल और अक्षय खन्ना के अलावा इसमें तिलोत्तमा शोम और दीया मिर्जा भी अहम भूमिकाओं में हैं। तिलोत्तमा एक सशक्त पब्लिक प्रॉसिक्यूटर का किरदार निभा रही हैं, जो न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं दीया मिर्जा एक समर्पित पत्नी और मां की भूमिका में दिखेंगी, जो अपने परिवार को एकजुट रखने की कोशिश में जुटी रहती है। इसके अलावा फिल्म में संजीदा शेख, शिशिर शर्मा और आकांक्षा रंजन कपूर भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने किया है।

https://www.indiatv.in/entertainment/ott/ikka-ott-release-date-out-sunny-deol-and-akshaye-khanna-movie-to-stream-on-netflix-note-down-date-2026-06-13-1224857