नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में चोरी के मोबाइल फोन के कारोबार से जुड़े एक अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में दो मोबाइल सॉफ्टवेयर टेक्नीशियनों को गिरफ्तार किया गया है, जिन पर आधुनिक सॉफ्टवेयर टूल्स के जरिए चोरी के फोन अनलॉक करके उन्हें ग्रे मार्केट में बेचने का आरोप है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान लोनी (गाजियाबाद) निवासी मोहम्मद जलाल (29) और राजपुर खुर्द एक्सटेंशन (दिल्ली) निवासी इमरान (27) के रूप में की गई है। दोनों मिलकर गफ्फार मार्केट में 'KGN सॉफ्टवेयर एंड मोबाइल रिपेयरिंग इंसटीट्यूट' के नाम से एक दुकान और प्रशिक्षण केंद्र संचालित करते थे और इसी इंस्टीट्यूट की आड़ में गैर-कानूनी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था।
चीनी सॉफ्टवेयर से तोड़ी जाती थी सिक्योरिटी
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस टीम ने अचानक रिपेयरिंग सेंटर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से 45 चालू हालत के एंड्रॉयड स्मार्टफोन, 22 मोबाइल फोन (बॉडी पार्ट्स), एक लैपटॉप और चीन में बना एक विशेष प्रकार का AMP टूल बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि इस चीनी डिवाइस और कुछ खास सॉफ्टवेयर की मदद से मोबाइल फोन के 'फैक्ट्री रीसेट प्रोटेक्शन' तथा अन्य कड़े सुरक्षा फीचर्स को तोड़ा जाता था। छापेमारी के बाद आरोपी इन फोन के स्वामित्व से जुड़ा कोई कानूनी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
आरोपियों ने स्वीकार किया गुनाह
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने माना कि वे संदिग्ध डीलरों और झपटमारों से बेहद कम कीमत पर चोरी के फोन खरीदते थे। इसके बाद वे आईएमईआई (IMEI) नंबर बदलने और सिक्योरिटी सेटिंग्स री-सेट करने के लिए सॉफ्टवेयर टूल्स का प्रयोग करते थे, ताकि पुलिस या असली मालिक इन्हें कभी ट्रैक न कर सके। जांच में मिले 45 फोन में से 7 फोन दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई थानों — जैसे न्यू अशोक नगर, मंडावली, गाजीपुर, मधु विहार, पानीपत और मुजफ्फरनगर — में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए हैं।
जांच जारी
बरामद किए गए फोन का IMEI एनालिसिस कर उनके असली मालिकों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस बरामदगी से दिल्ली-एनसीआर और पड़ोसी राज्यों में दर्ज मोबाइल चोरी की दर्जनों शिकायतों को सुलझाने में मदद मिलेगी। फिलहाल इस गिरोह से जुड़े सप्लायरों के पूरे नेटवर्क की पड़ताल में पुलिस जुटी हुई है।
https://www.indiatv.in/delhi/man-arrested-for-breaking-security-lock-of-stolen-phone-chinese-software-tool-seized-2026-06-13-1224879