बिहार में शराबबंदी कानून को लागू हुए तकरीबन 10 साल हो चुके हैं, फिर भी शराब के तस्कर और कारोबारी रोज नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध धंधा करने से बाज नहीं आ रहे। नवादा में उत्पाद विभाग की टीम ने एक होटल पर बिल्कुल फिल्मी अंदाज में छापा मारकर बड़ी मात्रा में विदेशी शराब और बीयर जब्त की। इस कार्रवाई में होटल संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
ऑर्डर देते-देते बिछा दिया गया जाल
नवादा से सामने आया यह वाकया अपने आप में अनोखा है। एक व्यक्ति ढाबे पर पहुंचा, मैन्यू कार्ड देखा और मुर्गा-भात लगाने का ऑर्डर दे दिया। रसोईया जब ऑर्डर तैयार करने में जुटा था, तभी उस ग्राहक ने पूछा—‘बीयर है क्या? कौन-कौन सी है?’ रसोईये ने झट से दो ब्रांड के नाम गिना दिए और यहीं फंस गया। इसके तुरंत बाद पुलिस की टीम ढाबे के भीतर दाखिल हुई, डीप फ्रीजर खुलवाया और अवैध शराब जब्त कर ली। यह सब देखकर रसोईये के पैरों तले से जमीन खिसक गई।
गुप्त सूचना पर अपनाई गई अनोखी तरकीब
यह पूरा मामला परनाडाबर थाना क्षेत्र के मढ़ी कलौंदा गांव का है। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि एक होटल की आड़ में अवैध तरीके से शराब बेची जा रही है। सूचना की सच्चाई परखने के लिए विभाग की टीम ने अलग ही रास्ता अपनाया। अधिकारी और जवान ग्राहक का रूप धरकर होटल पहुंचे और सबसे पहले मुर्गा-भात का ऑर्डर दिया। इसके बाद उन्होंने होटल संचालक से बीयर मिलने को लेकर पूछताछ की।
21 लीटर बीयर समेत विदेशी शराब बरामद
होटल संचालक ने बिना किसी हिचक के बता दिया कि उसके पास बीयर के दो अलग-अलग ब्रांड मौजूद हैं। जैसे ही शराब बिक्री की पुष्टि हुई, पहले से तैयार खड़ी उत्पाद विभाग की टीम ने मौके पर ही छापेमारी शुरू कर दी। अचानक हुई इस कार्रवाई से होटल संचालक के होश उड़ गए। तलाशी के दौरान होटल के डीप फ्रीजर से भारी मात्रा में बीयर और विदेशी शराब बरामद हुई।
जब्त की गई शराब में किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर के 11 कैन, गॉडफादर बीयर के 31 कैन के साथ-साथ कई ब्रांड की व्हिस्की की बोतलें शामिल हैं। कुल मिलाकर करीब 21 लीटर बीयर और 1.86 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।
झारखंड से मंगाता था शराब
गिरफ्तार होटल संचालक से हुई पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। उसने बताया कि वह शराब झारखंड से खरीदकर लाता था और होटल के जरिए ग्राहकों को बेचता था। पूछताछ में यह भी पता चला कि लोग होटल से मुर्गा और शराब खरीदकर आसपास के पहाड़ी इलाकों में जाकर इसका सेवन करते थे।
आरोपी न्यायिक हिरासत में
उत्पाद विभाग ने आरोपी के खिलाफ नवादा उत्पाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। विभाग का कहना है कि शराबबंदी कानून तोड़ने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार चलता रहेगा और ऐसे कारोबारियों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/bihar/nawada-liquor-smuggler-caught-after-police-disguised-as-customer-asked-for-beer-at-dhaba-local18-10566270.html