पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ स्थित भोसरी इलाके में रहने वाले एक 48 वर्षीय TCS कर्मचारी ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक की पहचान अमित अभय ब्रम्हे के रूप में की है। आरोप है कि दो महिला सहकर्मियों और कंपनी से बाहर के एक व्यक्ति द्वारा उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा था। मृतक के 19 वर्षीय बेटे ने 9 जून को भोसरी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में बताया गया है कि आरोपी विनोद पालिचा ने TCS कंपनी को अमित के बारे में गलत और भ्रामक ईमेल भेजे, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा। इतना ही नहीं, उसने पुलिस में भी अमित के खिलाफ झूठी शिकायतें दर्ज कराने का प्रयास किया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायत के मुताबिक, ब्रम्हे भोसरी के सुविधा पार्क में रहते थे और हिंजवडी स्थित TCS में कार्यरत थे। 2 जून को शाम करीब 4 बजे घर पर आत्महत्या करने से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें TCS के दो कर्मचारियों और एक अन्य व्यक्ति को इसके लिए जिम्मेदार बताया गया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 3 (5) के तहत मामला दर्ज किया है।
भोसरी पुलिस स्टेशन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर संदीप घोरपड़े ने बताया कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी दो महिलाओं से पूछताछ के लिए TCS अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
सुसाइड नोट में लिखी पूरी वजह
एसीपी सुधाकर यादव के अनुसार, TCS में कार्यरत 48 वर्षीय अमित अभय ब्रम्हे ने 2 जून को आत्महत्या की और एक विस्तृत सुसाइड नोट लिखा। नोट में उन्होंने TCS के प्रोजेक्ट में अपने साथ काम करने वाली दो महिला सहकर्मियों का जिक्र करते हुए बताया कि वे समय-समय पर उनका अपमान करती थीं और उन्हें डांटती थीं। साथ ही प्रोजेक्ट में खराब रेटिंग देने की धमकी भी देती थीं।
नोट में यह भी उल्लेख है कि जब उनके पिता बीमार थे और पत्नी कैंसर से जूझ रही थीं, उस दौरान छुट्टी मांगने पर भी उन्हें काफी परेशान किया गया और छुट्टी देने में आनाकानी की गई।
इन दोनों के अलावा अमित ने अपने एक परिचित विनोद पालिचा का भी जिक्र किया। नोट के मुताबिक, पालिचा ने समय-समय पर TCS कंपनी को उनके बारे में गलत ईमेल भेजे, उनकी बदनामी की और गलत तरीके से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की।
https://www.indiatv.in/maharashtra/pune-tcs-employee-died-allegedly-by-suicide-and-police-filed-against-three-2026-06-13-1224835