15 साल से सालाना 18.5% तक का रिटर्न, 10 हजार की एसआईपी ने बना दिए करीब 1 करोड़ रुपये

शेयर बाजार की उठापटक के बीच लंबी अवधि में पैसा कई गुना करने के लिए इक्विटी म्यूचुअल फंड बेहतर विकल्प साबित हो सकते हैं। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल की ऐसी पांच स्कीमों ने बीते 15 साल में 15 फीसदी सालाना से ऊपर का रिटर्न दिया है।

शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के बीच अगर आप ऐसा रास्ता तलाश रहे हैं जो लंबी अवधि में निवेश को कई गुना बढ़ा दे, तो इक्विटी म्यूचुअल फंड की कुछ चुनिंदा स्कीमें आजमाई जा सकती हैं। बाजार में चाहे जितनी हलचल रहे, म्यूचुअल फंड की इक्विटी योजनाएं ज्यादातर इससे काफी हद तक अछूती रहती हैं। अगर लंबे समय तक एसआईपी के जरिए निवेश किया जाए तो रिटर्न और बेहतर हो जाता है, और एकमुश्त रकम लगाने वालों को भी ऐसी स्कीमों से अच्छा फायदा मिलता है।

इक्विटी निवेश के क्षेत्र में आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड एक बड़ा नाम है। इसकी पांच ऐसी इक्विटी स्कीमें हैं, जिन्होंने बीते 15 साल में सालाना 18.5 फीसदी तक का रिटर्न दिया है। इसका सबसे ज्यादा फायदा उन निवेशकों को मिला, जो बाजार के उतार-चढ़ाव के बावजूद निवेश में डटे रहे।

मिडकैप फंड: 18.5% सालाना का रिटर्न

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल मिडकैप फंड का एयूएम 7,789 करोड़ रुपये है। यह स्कीम ऐसी मिड-साइज कंपनियों में पैसा लगाती है, जिनमें आगे चलकर बाजार की अगुवा बनने की क्षमता होती है। सेबी के वर्गीकरण के मुताबिक, मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर 101वें से 250वें स्थान पर आने वाली कंपनियां मिड-कैप मानी जाती हैं।

5 और 10 हजार की एसआईपी पर कितना मिला

इस फंड ने 15 साल में 18.50% की दर से रिटर्न दिया है। यानी अगर किसी ने 5 हजार रुपये की एसआईपी शुरू की होती, तो उसका निवेश बढ़कर 48.41 लाख रुपये हो जाता। इस दौरान लगाई गई कुल रकम सिर्फ 9 लाख रुपये रही, जबकि रिटर्न के रूप में करीब 39 लाख रुपये मिले। इसी तरह 10 हजार रुपये की एसआईपी करने वाले का कुल रिटर्न 15 साल में बढ़कर 96.83 लाख रुपये तक पहुंच गया, जबकि निवेश की गई रकम महज 18 लाख रुपये थी।

वैल्यू फंड: 16% से ज्यादा का रिटर्न

58,954 करोड़ रुपये के एयूएम वाला आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल वैल्यू फंड 'वैल्यू इन्वेस्टिंग' की रणनीति पर चलता है। यह उन कंपनियों में निवेश के मौके खोजता है, जिनकी मौजूदा कीमत उनकी असल कीमत (इंट्रिन्सिक वैल्यू) से कम लगती है। इसका मकसद ऐसे मजबूत फंडामेंटल वाले कारोबार की पहचान करना है, जिन्हें बाजार ने कुछ समय के लिए शायद नजरअंदाज कर दिया हो। इस फंड ने 15 साल में 16.44% का सीएजीआर रिटर्न दिया है। यानी 15 साल में 5,000 की एसआईपी बढ़कर करीब 39.14 लाख रुपये हो गई, जबकि 10,000 की मासिक एसआईपी से करीब 78.28 लाख रुपये जमा हुए।

मल्टीकैप फंड: 5 हजार की एसआईपी से 36 लाख

17,675.80 करोड़ रुपये के एयूएम वाला आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल मल्टीकैप फंड लार्ज-कैप, मिड-कैप और स्मॉल-कैप कंपनियों में निवेश करता है, जिससे निवेशकों को इक्विटी बाजार के कई हिस्सों में एक साथ पैसा लगाने का मौका मिलता है। इस फंड ने 15 साल में 15.65% का सीएजीआर रिटर्न दिया है। इन 15 साल में हर महीने 5,000 की एसआईपी की रकम बढ़कर 36.12 लाख और 10,000 की एसआईपी की रकम 72.25 लाख रुपये हो गई।

लार्ज एंड मिड कैप फंड ने भी कराई कमाई

30,147 करोड़ रुपये के एयूएम वाला आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल लार्ज एंड मिड कैप फंड स्थापित लार्ज-कैप कंपनियों और उभरते मिड-कैप कारोबारों के मिश्रण में निवेश करता है। इस फंड ने 15 साल में 15.36% का सीएजीआर रिटर्न दिया है। इन 15 साल में 5,000 की एसआईपी की रकम बढ़कर 35.08 लाख रुपये हो गई, जबकि 10,000 की मासिक एसआईपी से करीब 70.17 लाख रुपये जमा हुए।

फोकस्ड इक्विटी फंड भी रहा फायदेमंद

आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल फोकस्ड इक्विटी फंड का एयूएम 16,147 करोड़ रुपये है। यह अलग-अलग सेक्टर और मार्केट कैपिटलाइजेशन में मजबूत भरोसे वाले आइडियाज का एक केंद्रित पोर्टफोलियो बनाए रखता है। इसने 15 साल में करीब 15% का सीएजीआर रिटर्न दिया है। इस दौरान 5,000 की मासिक एसआईपी की रकम 32.81 लाख और 10,000 की मासिक एसआईपी करीब 65.62 लाख रुपये बन गई।

https://hindi.news18.com/news/business/money-making-tips-5-best-equity-mutual-fund-schemes-which-gives-more-than-15-percent-retur-in-long-term-10565809.html