'हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे'—संजय कपूर की पहली बरसी पर करिश्मा कपूर का भावुक संदेश, पूर्व पति को किया याद

करिश्मा कपूर ने अपने पूर्व पति संजय कपूर की पहली पुण्यतिथि पर इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए भावुक श्रद्धांजलि दी। जून 2025 में इंग्लैंड में पोलो खेलते वक्त संजय कपूर का निधन हो गया था।

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर ने शुक्रवार को अपने पूर्व पति संजय कपूर को उनकी पहली पुण्यतिथि पर याद किया। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर साझा की गई एक स्टोरी के जरिए अपनी भावनाएं जाहिर कीं, जो फिलहाल खूब चर्चा बटोर रही है।

अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में करिश्मा ने लिखा—'संजय आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगे'। इसके साथ ही उन्होंने उस तारीख का भी जिक्र किया, जिस दिन उनके बच्चों समायरा और किआन ने अपने पिता को खोया था। अभिनेत्री ने "12/6/2025" तारीख लिखकर संजय कपूर को श्रद्धांजलि दी और फोल्डेड हैंड व रेड हार्ट इमोजी के माध्यम से अपने जज्बात व्यक्त किए।

जून 2025 में हुआ था संजय कपूर का निधन

'सोना कोमस्टर' के चेयरमैन और करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का निधन 12 जून 2025 को इंग्लैंड में उस वक्त हुआ, जब वह पोलो खेल रहे थे। महज 53 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया और यह खबर सामने आते ही हर कोई स्तब्ध रह गया। बताया जाता है कि पोलो खेलने के दौरान संजय को कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके चलते उनकी मौत हो गई।

संपत्ति को लेकर परिवार में जारी विवाद

करिश्मा कपूर का यह पोस्ट ऐसे समय में सामने आया है, जब परिवार के सदस्यों के बीच विरासत को लेकर कानूनी जंग चल रही है। करिश्मा के बच्चों समायरा और किआन, संजय की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव कपूर, उनकी मां रानी कपूर और कपूर परिवार के अन्य सदस्यों के बीच 30 हजार करोड़ की संपत्ति को लेकर विवाद जारी है।

प्रिया सचदेव ने भी दी श्रद्धांजलि

इसी बीच, प्रिया सचदेव ने भी सोशल मीडिया पर अपने दिवंगत पति के लिए एक भावुक नोट साझा किया। अपने पोस्ट में उन्होंने लिखा—'आपको गए हुए एक साल बीत चुका है, फिर भी आपकी मौजूदगी हर दिन हमारा मार्गदर्शन करती है। आप कभी भी एक जगह पर खड़े रहने में विश्वास नहीं करते थे। आपने जिंदगी को पक्के इरादे, एनर्जी और जिज्ञासा के साथ अपनाया और हमेशा अपने आस-पास के लोगों को कड़ी मेहनत करना, बड़े-बड़े सपने देखना और अपना बेस्ट देने के लिए प्रेरित किया। आप हमेशा उन वेल्यूज के चलते लोगों के दिलों में रहेंगे जिन्हें आपने अपनाया। आप हमेशा उस प्यार के लिए याद किए जाएंगे जो आपने दिल खोलकर बांटा। आपका प्यार ही हमारी ताकत है और आपकी यादें हमारे लिए आशीर्वाद है।'

करिश्मा और संजय की शादी

करिश्मा कपूर और संजय कपूर ने 29 सितंबर, 2003 को सिख रीति-रिवाज से शादी की थी। इसके बाद दोनों के घर समायरा और किआन नाम के दो बच्चों ने जन्म लिया। हालांकि, बहुत जल्द उनके रिश्ते में दरार आने लगी। साल 2014 में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक की अर्जी दी और 2016 में आधिकारिक तौर पर उनका तलाक हो गया।

करिश्मा से अलग होने के बाद संजय कपूर ने 2017 में प्रिया सचदेव से शादी की। वहीं, जून 2025 में इंग्लैंड में पोलो खेलते वक्त उनका निधन हो गया। संजय के निधन के बाद करिश्मा अपने बच्चों समायरा और किआन के साथ उनके अंतिम संस्कार में शामिल हुई थीं, जहां उनकी बहन करीना कपूर खान और जीजा सैफ अली खान भी मौजूद रहे।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/karisma-kapoor-remembers-ex-husband-sunjay-kapur-on-his-first-death-anniversary-shares-post-on-instagram-2026-06-13-1224831