दरभंगा में यामाहा शोरूम के भीतर कर्मचारी की निर्मम हत्या, सीसीटीवी में कैद हुई दरिंदगी, आरोपी के एनकाउंटर की उठी मांग

दरभंगा की एक यामाहा एजेंसी में काम कर रहे कर्मचारी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने छापेमारी तेज कर दी है।

दरभंगा के अशोक पेपर मिल थाना क्षेत्र के चंदन पट्टी गांव में स्थित एक यामाहा एजेंसी शुक्रवार की शाम उस समय दहल उठी, जब वहां कार्यरत एक कर्मचारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शाम करीब 5 बजे हुई इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। एजेंसी में काम करने वाले मोहम्मद फैज अहमद पर लोहे की रॉड से लगातार वार किए गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

घटना का एक्सक्लूसिव सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें पूरी क्रूरता साफ दिखाई देती है। फुटेज के मुताबिक, मोहम्मद फैज अहमद शो-रूम में कंप्यूटर पर काम कर रहे थे। तभी एक युवक हाथ में लोहे की रॉड लेकर अंदर दाखिल होता है और बिना कुछ बोले सीधे उनके चेहरे पर हमला कर देता है। हमलावर तब तक रॉड से वार करता रहता है, जब तक फैज अहमद कुर्सी पर ही ढेर नहीं हो जाते।

लौटकर गर्दन पर किए ताबड़तोड़ वार

हमलावर की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। वीडियो में दिखता है कि वह दोबारा लौटता है, कैंची उठाता है और फैज अहमद की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार करता है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरी तसल्ली के साथ शो-रूम के बाहर खड़ी स्कूटी पर सवार होकर फरार हो जाता है, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुका है। कुछ देर बाद जब अन्य कर्मचारी पहुंचे और फैज अहमद को खून से लथपथ हालत में देखा तो हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुरानी रंजिश का अंदेशा

बताया जा रहा है कि आरोपी मृतक का परिचित है और आशंका जताई जा रही है कि इस हत्या के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव के साथ नेशनल सिनेमा चौक पर देर रात तक सड़क जाम कर दी। आक्रोशित लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और एनकाउंटर की मांग पर अड़े रहे।

पुलिस ने तेज की छापेमारी

कांग्रेस जिलाध्यक्ष जमाल हसन ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। दरभंगा सदर एसडीपीओ राजीव कुमार ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई जारी है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा तथा कानून अपना काम करेगा। इस बीच स्थानीय लोग लगातार आरोपी के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं और इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

https://hindi.news18.com/news/bihar/darbhanga-yamaha-agency-employee-faiz-ahmad-murder-public-demanding-murderer-encounter-local18-ws-n-10565694.html