शादी के चौथे दिन ही पेड़ से फंदे पर मिला दूल्हे का शव, बिखर गई नई-नवेली दुल्हन की दुनिया

प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में शादी के महज चार दिन बाद 28 वर्षीय दूल्हे संतोष का शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक का भाई घटना के बाद से लापता है और परिवार ने कुछ पट्टीदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

किस्मत कब और कैसे करवट बदल लेगी, इसका अंदाजा लगा पाना किसी के बस में नहीं। महज चार दिन पहले जिस युवती के जीवन में खुशियों की दस्तक हुई थी, आज वही फूट-फूटकर रो रही है। दुल्हन के हाथों पर रचाई गई मेहंदी का रंग अभी फीका भी नहीं पड़ा था कि उसके पति की मौत की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।

‘तुम्हारे साथ जीने के न जाने कितने सपने संजोए थे… अब मुझे अकेला छोड़कर तुम क्यों चले गए’ — ये शब्द उस नई-नवेली दुल्हन के हैं, जिसकी पूरी दुनिया विवाह के चौथे ही दिन उजड़ गई। जिस लड़की के जीवन में नई शुरुआत होनी थी, उसकी तकदीर ने ऐसा क्रूर मोड़ लिया कि सपने, वादे और भविष्य सब कुछ एक ही पल में बिखर गए। हाथों में मेहंदी सजी है, मगर आंखों में आंसू और दिल में गहरा दर्द है।

क्या है पूरा मामला

यह दर्दनाक घटना प्रयागराज के गंगानगर जोन स्थित हंडिया थाना क्षेत्र के बनपुरवा गांव की है, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। सात जून को संतोष की शादी बड़े धूमधाम से संपन्न हुई थी। चारों ओर बस उत्साह और खुशियों का माहौल था। विवाह के बाद वह अपनी दुल्हन को विदा कराकर घर ले आया था और पूरा परिवार उत्सव के रंग में डूबा हुआ था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि अचानक सब कुछ बदल जाएगा।

28 वर्षीय संतोष का शव गांव के बाहर एक पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। गुरुवार सुबह जब गांव के लोगों की नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी, तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

परिवार में मचा कोहराम

सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन में मौके पर पहुंचे। शव की पहचान होते ही घर में चीख-पुकार मच गई। पति की मौत की खबर सुनते ही नई-नवेली दुल्हन बेसुध हो गई, वहीं माता-पिता समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

हंडिया थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की।

भाई लापता, परिजनों ने लगाए आरोप

इस बीच मृतक का भाई सुशील घटना के बाद से लापता बताया जा रहा है और उसकी तलाश जारी है। उधर, मृतक की मां ने कुछ पट्टीदारों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि कुछ लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस का कहना है कि लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को सामने रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/allahabad-bride-become-widow-after-marry-4-days-what-happen-with-groom-in-prayagraj-local18-10565651.html