पश्चिम बंगाल के बर्धमान से एक चिंताजनक घटना सामने आई है। बर्धमान नगर निगम के 21 नंबर वार्ड में स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय से शुक्रवार को बड़ी तादाद में मोटी लाठियां और सफेद कपड़ा (थान) बरामद किया गया। इन वस्तुओं के मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह बताई जा रही है कि कार्यालय से जब्त की गई लाठियों पर कथित तौर पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम लिखे हुए थे। इसी वजह से यह सवाल उठने लगा है कि कहीं चुनाव के नतीजों के बाद इलाके में हिंसा भड़काने की कोई तैयारी तो नहीं चल रही थी।
बरामदगी के बाद उमड़ा लोगों का आक्रोश
कार्यालय से इतनी बड़ी संख्या में लाठियां और सफेद कपड़ा मिलने की खबर फैलते ही स्थानीय लोग भड़क उठे। बिगड़ते हालात पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बल मौके पर पहुंचे। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पार्टी दफ्तर की तलाशी के दौरान लाठियों के साथ-साथ काफी मात्रा में सफेद कपड़ा भी मिला, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर अंतिम संस्कार से जुड़े कामों में होता है।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताई सुरक्षा की चिंता
जिन भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम कथित तौर पर इन लाठियों पर अंकित मिले, उन्होंने इस घटना पर गहरी चिंता और नाराजगी प्रकट की है। उनका आरोप है कि चुनाव के नतीजे आने के बाद उन्हें निशाना बनाने की साजिश रची जा रही थी। हालांकि, इन आरोपों की अब तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
स्थानीय नेताओं पर लगे गंभीर आरोप
घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के कुछ तृणमूल नेताओं और वार्ड पार्षद पर संगीन आरोप मढ़े हैं। उनका दावा है कि इलाके में पहले भी राजनीतिक हिंसा और भय का माहौल बनाने की शिकायतें मिलती रही हैं। दूसरी ओर, संबंधित नेताओं की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पुलिस ने सामान जब्त किया, जांच जारी
पुलिस और केंद्रीय बलों ने मौके से बरामद लाठियों और सफेद कपड़ों को अपने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि पार्टी कार्यालय के भीतर रखी कुछ अलमारियां और संदिग्ध बक्से अभी तक नहीं खोले जा सके हैं। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और बरामद सामग्री की सच्चाई एवं उसके इस्तेमाल का मकसद जानने की कोशिश में जुटी है। स्थानीय निवासियों ने मांग रखी है कि अगर जांच में किसी तरह की साजिश या गैरकानूनी गतिविधि का खुलासा होता है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल इस पूरे प्रकरण की जांच बर्धमान थाना पुलिस कर रही है।
https://www.indiatv.in/west-bengal/west-bengal-batons-and-white-clothes-recovered-from-tmc-office-in-bardhaman-bjp-workers-names-were-written-on-the-batons-2026-06-12-1224790