मथुरा पुलिस कार्रवाई: उत्तर प्रदेश के मथुरा में थाना जैत क्षेत्र की छटीकरा चौकी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर शशांक कौशिक पर कानून का रखवाला होते हुए ही कानून तोड़ने का आरोप लगा है। स्थानीय दुकानदारों से अवैध वसूली करने और अवैध पार्किंग संचालित करने के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद विभाग ने यह सख्त कदम उठाया।
शिकायत पर हुई जांच, खुली पोल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के व्यापारियों और दुकानदारों ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की थी, जिसके आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कराई गई। पड़ताल में सामने आया कि आरोपी सब-इंस्पेक्टर शशांक कौशिक ने वसूली का तंत्र चलाने के लिए अलीगढ़ से आपराधिक पृष्ठभूमि वाले दो लोगों को बुलाया था। इनकी पहचान रोहताश उर्फ विशाल और छोटू सोलंकी के रूप में की गई है।
तहरीर पर मुकदमा, कोर्ट से जेल
आरोप है कि ये दोनों व्यक्ति दुकानदारों और कारोबारियों पर दबाव बनाकर नियमित रूप से रकम वसूलते थे। शिकायतों की पुष्टि और पर्याप्त सबूत मिलने के बाद वादी की तहरीर पर थाना जैत में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
दोनों फरार साथियों पर 25-25 हजार का इनाम
मामले में नामजद दोनों आरोपी रोहताश उर्फ विशाल और छोटू सोलंकी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इनकी तलाश में विशेष पुलिस टीमों को लगाया गया है।
एसएसपी की दो टूक चेतावनी
एसएसपी श्लोक कुमार ने कहा कि विभाग में भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के लिए किसी भी स्तर पर कोई जगह नहीं है। उन्होंने साफ किया कि पुलिस विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को पकड़ने के प्रयास लगातार जारी हैं और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/mathura-sub-inspector-arrest-for-illegal-extortion-two-associates-carry-25000-rupees-reward-2026-06-12-1224794