भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए इकलौते टेस्ट मैच के बाद अब क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें वनडे सीरीज पर टिक गई हैं। अफगानिस्तान के कप्तान हश्मतुल्लाह शाहिदी को पूरा यकीन है कि राशिद खान की अगुवाई वाली उनकी स्पिन तिकड़ी शनिवार (13 जून) से शुरू हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में भारत के खिलाफ उनकी टीम को जीत दिला सकती है।
भारत की ही तरह अफगानिस्तान भी इस सीरीज के जरिए 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों का आगाज करेगा। दोनों टीमें कल यानी 13 जून को धर्मशाला में सीरीज का पहला मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगी।
स्पिन तिकड़ी पर अफगानिस्तान का भरोसा
पहले मुकाबले से पहले मीडिया से बातचीत में शाहिदी ने साफ कहा कि भारत के खिलाफ पहली द्विपक्षीय सीरीज में उनकी टीम का दारोमदार राशिद खान, ए एम गजनफर और मोहम्मद नबी की स्पिन गेंदबाजी पर रहेगा। यही वह तिकड़ी है जिससे टीम इंडिया को बेहद सतर्क रहना होगा।
धर्मशाला में खेलने का अनुभव
अफगान कप्तान ने इस मैदान पर अपनी टीम के अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘हमें इस मैदान पर खेलने का अनुभव है। हमने आखिरी बार यहां 2023 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। मुझे वह मुकाबला अब भी याद है।’
गर्मी में स्पिनरों को मदद
शाहिदी का मानना है कि भारतीय परिस्थितियां उनके गेंदबाजों के अनुकूल साबित हो सकती हैं। उन्होंने कहा, ‘भारत की गर्मी में स्पिनरों को मदद मिलती है, इसलिए हमारे पास इस तरह के स्पिनरों का होना हमारे लिए फायदेमंद है।’
https://hindi.news18.com/cricket/afghanistan-captain-hashmatullah-shahidi-believes-that-rashid-ghazanfar-nabi-spin-bowling-trio-can-lead-their-team-to-odi-series-win-vs-india-10564932.html