फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वैश्विक ठहराव, दुनियाभर के लाखों यूजर्स मुश्किल में

शुक्रवार शाम मेटा के प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम भारत समेत कई देशों में अचानक ठप हो गए, जिससे लाखों यूजर्स को लॉगिन और कंटेंट लोड करने में दिक्कत झेलनी पड़ी।

अगर शुक्रवार शाम से आपके फोन पर इंस्टाग्राम की रील्स नहीं चल रहीं या फेसबुक की फीड रिफ्रेश नहीं हो रही, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। यह गड़बड़ी आपके फोन या इंटरनेट कनेक्शन की नहीं है। असल में दिग्गज टेक कंपनी मेटा (Meta) के दोनों लोकप्रिय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम दुनियाभर में ठप पड़ गए हैं। शुक्रवार शाम अचानक आई इस तकनीकी खराबी ने लाखों यूजर्स को मुश्किल में डाल दिया है।

आउटेज पर नजर रखने वाली मशहूर वेबसाइट ‘डाउनडिटेक्टर’ (Downdetector) के अनुसार, भारतीय समयानुसार शुक्रवार शाम करीब 7 बजे से फेसबुक और इंस्टाग्राम को लेकर शिकायतों का सिलसिला तेजी से बढ़ने लगा। हजारों लोगों ने ऐप न चलने की रिपोर्ट दर्ज कराई। यह दिक्कत किसी एक देश तक सीमित नहीं रही, बल्कि भारत समेत दुनिया के कई देशों में एक साथ महसूस की गई।

यूजर्स को किन परेशानियों का सामना

इस आउटेज की वजह से अलग-अलग यूजर्स को कई तरह की दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। ज्यादातर लोगों का कहना है कि ऐप तो खुल रहा है, लेकिन नई पोस्ट या रील्स लोड नहीं हो रही हैं। कुछ यूजर्स अपने अकाउंट से अचानक लॉगआउट हो गए और दोबारा लॉगिन नहीं कर पा रहे।

फेसबुक और इंस्टाग्राम के साथ-साथ फेसबुक मैसेंजर पर भी मैसेज भेजना और पाना बंद हो गया है, जिससे संवाद पूरी तरह ठप है।

‘X’ पर शिकायतों की भरमार

जैसे ही फेसबुक और इंस्टाग्राम बंद हुए, परेशान यूजर्स असली वजह जानने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ की ओर मुड़ गए। कुछ ही देर में #FacebookDown और #InstagramDown जैसे हैशटैग ट्रेंड करने लगे। लोग मीम्स साझा कर एक-दूसरे से पूछने लगे कि क्या वाकई सभी का सोशल मीडिया बंद पड़ा है।

मेटा की ओर से कोई बयान नहीं

इस बड़ी गड़बड़ी को लेकर ‘मेटा’ की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान या सफाई नहीं आई है। कंपनी ने यह भी नहीं बताया कि यह खराबी क्यों हुई और इसे कब तक दुरुस्त कर लिया जाएगा।

अब यूजर्स के पास क्या रास्ता

चूंकि यह समस्या आपके फोन या सिम कार्ड की नहीं, बल्कि सीधे मेटा के सर्वर से जुड़ी है, इसलिए ऐप को बार-बार रीस्टार्ट करने या इंटरनेट ऑन-ऑफ करने से कोई फायदा नहीं होगा। फिलहाल यूजर्स के पास सिर्फ एक ही विकल्प है कि वे मेटा द्वारा इस तकनीकी खराबी को ठीक किए जाने का इंतजार करें।

https://hindi.news18.com/news/tech/apps-facebook-and-instagram-down-users-faces-problem-10564915.html