रसोई के कामों में प्याज काटना अक्सर सबसे झंझट भरा काम लगता है। चाकू प्याज पर चलते ही आंखों में जलन होने लगती है और देखते ही देखते आंसू बहने लगते हैं। लेकिन कुछ छोटी-छोटी समझदारी भरी तरकीबें अपनाकर इस तकलीफ से बड़ी हद तक राहत पाई जा सकती है। आइए जानते हैं वे आसान उपाय जिनसे प्याज काटते समय न आंखों में जलन होगी और न आंसू निकलेंगे।
आखिर प्याज काटने पर आंसू क्यों आते हैं?
प्याज काटते समय आंसू आने की असली वजह उसमें मौजूद कुछ रासायनिक तत्व होते हैं। जब प्याज की कोशिकाएं टूटती हैं, तो उसमें से सिन-प्रोपेनेथियल-एस-ऑक्साइड नाम की गैस निकलती है। यही गैस जैसे ही आंखों के संपर्क में आती है, एक हल्का एसिड बना देती है, जिससे आंखों में जलन होती है और आंसू बहने लगते हैं।
इन तरीकों को जरूर आजमाएं
प्याज की जड़ को न काटें
अगर प्याज काटते-काटते आपकी आंखों से भी पानी बहने लगता है, तो अभिनेत्री और सेलिब्रिटी शेफ अमृता रायचंद की यह सलाह आपके बेहद काम आ सकती है। उनके मुताबिक ज्यादातर लोग प्याज काटते समय सबसे पहले उसकी जड़ ही काट देते हैं, जो बिल्कुल नहीं करना चाहिए। दरअसल आंसू लाने वाले एंजाइम जड़ में ही मौजूद होते हैं, इसलिए जड़ कटते ही फौरन आंसू आने लगते हैं। बेहतर है कि प्याज को छिलके समेत आधा काटें और फिर छिलका हटाकर उसके छोटे-छोटे टुकड़े करें।
काटने से पहले पानी में रखें
प्याज का छिलका उतारकर उसे आधा काट लें और पांच से दस मिनट तक पानी में डुबोकर रखें। यूट्यूब पर फूड पेज चलाने वाली मशहूर फूड ब्लॉगर 'फूड टॉक विथ सरीन' का कहना है कि दस मिनट बाद प्याज को पानी से बाहर निकालकर बारीक काटें। ऐसा करने पर आंखों से आंसू नहीं आते।
तेज धार वाले चाकू का इस्तेमाल करें
सरीन यह भी सलाह देती हैं कि प्याज काटते समय हमेशा तेज धार वाले चाकू का इस्तेमाल करना चाहिए। कम धार वाला चाकू प्याज की कोशिकाओं को ज्यादा नुकसान पहुंचाता है, जिससे ज्यादा गैस निकलती है और आंखों की जलन और बढ़ जाती है।
प्याज को फ्रिज में ठंडा करें
प्याज काटने से पहले उसे 20-30 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा होने पर प्याज से निकलने वाली गैस की मात्रा घट जाती है, जिससे आंखों में जलन काफी कम महसूस होती है। यह नुस्खा बेहद असरदार माना जाता है।
https://www.indiatv.in/lifestyle/features/if-eyes-getting-watery-due-to-cutting-onions-follow-these-tips-to-prevent-burning-and-tears-2026-06-12-1224783