एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने को आज ठीक एक साल पूरा हो गया है। इस मौके पर एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने हादसे की जांच को लेकर ताजा जानकारी साझा की है। ब्यूरो के मुताबिक विमान के फ्लाइट रिकॉर्डर डेटा, इंजन, तकनीकी सिस्टम, मेंटेनेंस रिकॉर्ड और अन्य अहम सबूतों की बारीकी से पड़ताल पूरी की जा चुकी है, जबकि अंतिम निष्कर्षों पर विस्तृत विश्लेषण का काम अभी जारी है। ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि उसकी जांच का उद्देश्य किसी को कसूरवार ठहराना नहीं, बल्कि विमानन सुरक्षा को और बेहतर बनाना है।
कब और कैसे हुआ था हादसा
12 जून 2025 को अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही सेकंड बाद एयर इंडिया का यह विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। आज इस हादसे को पूरा एक साल बीत चुका है। बीते बारह महीनों में हर किसी के मन में यही सवाल बना रहा कि आखिर इस क्रैश की असली वजह क्या रही।
प्रारंभिक रिपोर्ट और अटकलों का दौर
आधिकारिक स्तर पर AAIB ने 12 जुलाई 2025 को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की थी। इस रिपोर्ट में संकेत दिया गया था कि हादसे के पीछे विमान के फ्यूल स्विच में आई तकनीकी खराबी एक संभावित कारण हो सकती है। इसके साथ ही रिपोर्ट में एक ऐसी बात भी शामिल थी, जिसने कयासों का सिलसिला तेज कर दिया।
दरअसल, इस रिपोर्ट में दोनों पायलटों के बीच हुई बातचीत के एक हिस्से का जिक्र किया गया था। इसी अंश को विदेशी कंपनियों ने आधार बना लिया और इसी के सहारे हादसे में जान गंवाने वाले कैप्टन सुमित सभरवाल पर पूरा दोष थोपा जाने लगा। हालत यहां तक पहुंच गई कि कैप्टन सुमित के बुजुर्ग माता-पिता को अदालत का सहारा लेना पड़ा।
अंतिम रिपोर्ट का इंतजार
हादसे को लेकर सामने आई दो अलग-अलग बातों ने एक बार फिर सबकी नजरें AAIB की ओर मोड़ दीं। हर कोई इस उम्मीद में था कि अंतिम रिपोर्ट के जरिए ही हादसे की असली सच्चाई सामने आएगी। माना जा रहा था कि आज यानी 12 जून को यह रिपोर्ट जारी हो सकती है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
पहली बरसी पर AAIB का संदेश
पिछले एक साल के पूरे घटनाक्रम को देखते हुए AAIB ने AI-171 की पहली बरसी पर एक अहम बात कही है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए ब्यूरो ने कहा कि उसका मकसद किसी व्यक्ति, संस्था या संगठन को दोषी ठहराना नहीं है। क्रैश जांच का असल उद्देश्य सबक लेते हुए ऐसे सुरक्षा उपाय खोजना है, जिनसे भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके और विमानन सुरक्षा को और पुख्ता बनाया जा सके।
ब्यूरो ने यह भी अपील की है कि जांच पूरी होने से पहले किसी तरह की अटकलें न लगाई जाएं। AAIB के अनुसार हादसे की अंतिम जांच रिपोर्ट पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुरूप तैयार की जाएगी। जांच पूरी होने और सभी जरूरी अंतरराष्ट्रीय प्रक्रियाएं संपन्न होने के बाद ही रिपोर्ट को सार्वजनिक किया जाएगा।
ब्यूरो ने कहा है कि वह सभी पीड़ित परिवारों और प्रभावित लोगों के दुख में बराबर का सहभागी है और उनकी पीड़ा को समझता है। जांच का काम पूरी गंभीरता और पेशेवर तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
https://hindi.news18.com/news/nation/ai-171-air-india-ahmedabad-plane-crash-one-year-aaib-investigation-progress-update-final-report-10565018.html