नांदेड ऑनर किलिंग: प्रेमी सक्षम के शव से शादी करने वाली आंचल अब घर छोड़ गई, पिता का सदमे से निधन

नांदेड के बहुचर्चित ऑनर किलिंग मामले में सक्षम ताते के शव से शादी की रस्में निभाने वाली आंचल मामिदवार करीब साढ़े तीन महीने बाद ताते परिवार का घर छोड़कर चली गई। इसी बीच बेटे की मौत के सदमे से सक्षम के पिता का भी निधन हो गया।

महाराष्ट्र के नांदेड के इटवारा इलाके में पिछले साल हुई दिल दहला देने वाली ऑनर किलिंग की घटना आज भी लोगों के जेहन में ताजा है। उस वक्त सुर्खियों में आई प्रेमिका आंचल मामिदवार, जिसने अपने प्रेमी के शव से शादी की रस्में निभाई थीं, अब ताते परिवार का घर छोड़कर जा चुकी है।

क्या हुआ था उस रोज

25 नवंबर 2025 को 19 वर्षीय सक्षम ताते की उसकी प्रेमिका आंचल मामिदवार से अंतरजातीय प्रेम संबंध के कारण बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि लड़की के पिता गजानन मामिदवार और भाइयों हिमेश व साहिल ने सक्षम को शादी की बात तय करने के बहाने घर बुलाया। मेहमान की तरह उसे चाय पिलाई और फिर उस पर गोलियां चलाईं, इसके बाद सिर पर फरसा और पत्थर मारकर उसकी जान ले ली। इस वारदात ने पूरे महाराष्ट्र को झकझोर कर रख दिया था।

जब आंचल ने किया था वादा

घटना के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उस तस्वीर और वीडियो की रही, जिसमें आंचल फूट-फूटकर रोती हुई दिखी थी। उसने सक्षम के शव से ही शादी की रस्में पूरी कीं। सक्षम का शव घर लाने के बाद दोनों के शरीर पर हल्दी लगाई गई, आंचल ने अपने माथे पर सक्षम के नाम का कुमकुम भरा और सबके सामने ऐलान किया कि उसने सक्षम से शादी कर ली है।

उसने कहा था कि भले ही सक्षम अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन उनका प्यार जिंदा है। आंचल ने यह भी वादा किया था कि वह जीवनभर सक्षम के घर में बहू बनकर रहेगी और उसके परिवार का ख्याल रखेगी। अपने ही पिता और भाइयों पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसने मांग की थी कि उन्हें मौत की सजा दी जाए।

7 महीने बाद बदल गई तस्वीर

लेकिन करीब 6 से 7 महीने बाद हालात पूरी तरह बदल चुके हैं। जिस आंचल ने सक्षम के शव से शादी कर हमेशा ससुराल में रहने की कसम खाई थी, वह अब उस घर को छोड़कर जा चुकी है। ताते परिवार में हालात इस कदर बिगड़े कि पूरा परिवार बिखर गया। नांदेड के इस ऑनर किलिंग कांड ने ताते परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया।

सक्षम की मां का दर्द

सक्षम की मां संगीता ताते ने हाल ही में एक मराठी अखबार से बातचीत में अपने उजड़े घर की दर्दनाक दास्तान बयां की। संगीता के मुताबिक, जब सक्षम की हत्या हुई थी तब आंचल उनके साथ खड़ी थी। उस समय आंचल ने उनसे कहा था कि अब वह सक्षम की जगह उनका बेटा है, उनके साथ रहेगी और उनका ख्याल रखेगी। इसके बाद आंचल करीब साढ़े 3 महीने तक ताते परिवार के साथ ही रही।

एक दिन अचानक चली गई आंचल

संगीता बताती हैं कि एक दिन अचानक आंचल ने कहा कि उसकी दादी की तबीयत बहुत खराब है और वह उनसे मिलने जाना चाहती है। आंचल का मायका वहां से थोड़ी ही दूरी पर है, इसलिए संगीता खुद उसे उसकी दादी के घर छोड़ आईं। आंचल उस दिन गई तो फिर कभी लौटकर नहीं आई। जाने से पहले वह सोशल मीडिया के जरिए अपने चाचा और रिश्तेदारों के लगातार संपर्क में थी।

संगीता कहती हैं कि उन्होंने आंचल पर किसी तरह की रोक-टोक नहीं लगाई और न ही उसके फोन या बातचीत पर कोई सवाल उठाया। लेकिन दादी के घर जाने के बाद आंचल ने ताते परिवार से पूरी तरह नाता तोड़ लिया और अब तक नहीं लौटी है। फिलहाल संगीता ताते का आंचल से कोई संपर्क नहीं है।

सदमे से सक्षम के पिता का निधन

इसी बीच सक्षम के पिता की हालत भी बिगड़ने लगी। बेटे की दर्दनाक मौत के सदमे और लगातार तनाव के कारण उनकी बीपी की समस्या बढ़ गई और करीब 3 महीने पहले उनका भी निधन हो गया। एक साल के भीतर पहले बेटे की ऑनर किलिंग, फिर बहू की तरह अपनाई गई आंचल का घर छोड़कर चले जाना और अब पति की मौत — इन सब घटनाओं ने संगीता ताते को अंदर से तोड़ दिया है। वह अब घर में बिल्कुल अकेली रह गई हैं और हर पल उन्हें अपने बेटे सक्षम की याद सताती है।

एक हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार

नांदेड के इस ऑनर किलिंग केस ने सिर्फ एक युवा प्रेमी की जान नहीं ली, बल्कि पूरे परिवार को बर्बादी के कगार पर ला खड़ा किया। सक्षम के शव से शादी कर देशभर में सुर्खियां बटोरने वाली आंचल, जो कभी ताते परिवार के लिए सहारा बनकर आई थी, अब उनकी जिंदगी से दूर जा चुकी है। दूसरी ओर सक्षम के पिता की मौत और मां संगीता की बिगड़ती हालत ने इस कहानी को और भी दर्दनाक बना दिया है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जाति और इज्जत के नाम पर की गई ऑनर किलिंग न सिर्फ एक जिंदगी छीनती है, बल्कि कई जिंदगियों को हमेशा के लिए उजाड़ देती है।

https://hindi.news18.com/news/maharashtra/mumbai-nanded-honor-killing-3-month-later-of-saksham-tate-murder-aanchal-mamidwar-left-family-local18-ws-dl-10564843.html