चित्रकूट में किसानों को राहत: कोदो हो या रागी, अब बीज के लिए नहीं भटकना पड़ेगा

खरीफ सीजन में चित्रकूट कृषि विभाग किसानों को मूंग, उड़द, अरहर के साथ धान, मक्का, ज्वार, बाजरा, सांवा, कोदो और रागी जैसी फसलों के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर दे रहा है। इस योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो चुके हैं।

खरीफ सीजन की शुरुआत होते ही चित्रकूट के किसान खेती की तैयारियों में जुट गए हैं। बुंदेलखंड का यह इलाका लंबे समय से खेती-किसानी से जुड़ी कठिनाइयों का सामना करता आया है। जिले के कई हिस्सों में आज भी किसान सीमित संसाधनों और कम पैदावार के कारण खेती को फायदे के बजाय घाटे का सौदा मानते हैं। ऐसे में किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें आधुनिक खेती की ओर प्रेरित करने के मकसद से कृषि विभाग लगातार नई-नई योजनाएं चला रहा है।

50 प्रतिशत अनुदान पर मिलेंगे बीज

इसी सिलसिले में इस बार खरीफ सीजन के लिए किसानों को विभिन्न फसलों के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना के तहत चित्रकूट के किसानों को दलहनी, तिलहनी और मोटे अनाज वाली फसलों के बीज अनुदान पर दिए जाएंगे।

कौन-कौन सी फसलों के बीज शामिल

इस बार कृषि विभाग मूंग, उड़द और अरहर जैसी दलहनी फसलों के अलावा धान, मक्का, ज्वार, बाजरा, सांवा, कोदो और रागी जैसी फसलों के मिनी सीड किट किसानों को बांट रहा है। यानी मोटे अनाज की खेती करने वाले किसानों को अब बीज के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा।

कैसे उठाएं योजना का लाभ

इस बीज योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक किसान निर्धारित पोर्टल पर आवेदन कर इस सुविधा का फायदा ले सकते हैं। कृषि विभाग के मुताबिक, समय पर आवेदन करने वाले किसानों को उपलब्धता और मांग के अनुसार बीज दिए जाएंगे, ताकि वे खरीफ सीजन की बुवाई समय पर पूरी कर सकें और बेहतर मुनाफा कमा सकें।

क्या कहते हैं कृषि अधिकारी

जिला कृषि अधिकारी आरके वर्मा ने बताया कि किसानों को अलग-अलग फसलों के प्रमाणित बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर मुहैया कराए जा रहे हैं। इसके लिए किसानों को कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा।

उन्होंने बताया कि आवेदन के समय किसानों को खतौनी, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो समेत जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। आवेदन के सत्यापित होने के बाद किसानों को उनकी मांग और उपलब्ध स्टॉक के आधार पर बीज दिए जाएंगे।

https://hindi.news18.com/news/agriculture/mung-urad-sanwa-kodo-ragi-mini-seed-kit-chitrakoot-local18-10564830.html