21 साल का युवक बना घूम रहा था फर्जी ब्रिगेडियर, संवेदनशील सैन्य इलाके में एक चूक से खुल गई पोल

शाहजहांपुर के अति संवेदनशील सैन्य क्षेत्र में सेना की वर्दी पहनकर खुद को ब्रिगेडियर बता रहे 21 साल के युवक को संदिग्ध हालात में पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी बातों के विरोधाभास और बरामद नकली सामान ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में सुरक्षा से जुड़े एक संगीन मामले ने प्रशासन और सैन्य अधिकारियों की नींद उड़ा दी है। शहर के अति संवेदनशील सैन्य इलाके में सेना की वर्दी पहनकर खुद को ब्रिगेडियर बताने वाले एक 21 साल के युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में दबोचा गया है। शुरुआती पूछताछ में उसकी पहचान अनिल कुमार वर्मा के बेटे आर्यन वर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि युवक शहीद संग्रहालय परिसर में फौजी वर्दी पहनकर घूम रहा था और इसी दौरान उसके कंधों पर लगे स्टार तथा उसकी हरकतें वहां मौजूद सैन्य अधिकारियों को खटक गईं। पूछताछ में जब उसकी बातों में आपस में विरोधाभास उभरकर सामने आया तो उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चिंता

जिस जगह से इस फर्जी ब्रिगेडियर को पकड़ा गया है, वह शाहजहांपुर के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में गिनी जाती है। यहीं पर छावनी परिषद, सैन्य अधिकारियों की कॉलोनियां, जिलाधिकारी का आवास और पुलिस अधीक्षक का आवास मौजूद है। ऐसे इलाके में सेना की वर्दी पहनकर किसी अनजान व्यक्ति का बेरोकटोक घूमना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का सबब बन गया है।

मामले की संवेदनशीलता को भांपते हुए बरेली स्थित सैन्य इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। इसके साथ ही प्रशासन का खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है, जो युवक के पुराने रिकॉर्ड, उसके संपर्कों और गतिविधियों की पड़ताल में जुटा है। सेना के अधिकारी फिलहाल इस प्रकरण पर कुछ भी कहने से बच रहे हैं और उनका कहना है कि सभी तथ्यों की जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

नकली पहचान पत्र और नकली पिस्तौल बरामद

सैन्य क्षेत्र में पकड़े गए इस फर्जी ब्रिगेडियर के पास से नकली पहचान पत्र, नकली पिस्तौल और सेना से जुड़े कई दस्तावेज मिले हैं। इतना ही नहीं, युवक ने अपने घर पर भी ब्रिगेडियर के नाम की नेम प्लेट लगा रखी थी। जब उससे बातचीत की गई तो उसके हाव-भाव संदिग्ध लगे, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना सेना को दी। मौके पर पहुंची मिलिट्री पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।

फिलहाल सेना की इंटेलिजेंस टीम उससे गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/shahjahanpur-a-man-arrested-by-army-named-aaryan-who-posed-as-brigadier-2026-06-12-1224738