स्टैंडअप कॉमेडी की गिरती भाषा पर भड़के सुनील पाल, बोले- 'गाली देने वाले चलते-फिरते आतंकवादी हैं'

स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के विवादित बयान पर सुनील पाल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अश्लीलता और गालियां परोसने वाले कलाकारों को 'चलता-फिरता आतंकवादी' बताते हुए वेन्यू पर सख्त नियम और सरकार से कड़े कानून की मांग की है।

स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे के विवादित बयान को लेकर मचा बवाल अब एक बड़ा मुद्दा बन चुका है। टीवी जगत की हस्तियों के बाद अब इंडस्ट्री के मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल ने भी इस मामले पर खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने मौजूदा दौर की स्टैंडअप कॉमेडी के गिरते स्तर पर गहरा अफसोस जताते हुए कहा कि कॉमेडी के नाम पर जिस तरह अश्लीलता और गालियां परोसी जा रही हैं, उस पर तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए।

सुनील पाल ने एक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वीडियो साझा करते हुए प्रणीत मोरे से लेकर आजकल की डार्क कॉमेडी तक पर तीखा तंज कसा। इसी वीडियो में उन्होंने ऐसे कलाकारों को 'चलता-फिरता आतंकवादी' तक कह दिया।

सुनील पाल ने क्या कहा

नए दौर के कॉमेडियनों पर निशाना साधते हुए सुनील पाल ने कहा कि महज कुछ व्यूज और पैसों के लालच में युवा पीढ़ी को गालियों की आदत डाली जा रही है। उन्होंने कहा, "जो बातें समाज को समझ में ही नहीं आनी चाहिए, उन्हें कॉमेडी के नाम पर परोसा जा रहा है। युवा कलाकार गालियां देकर अपना काम चला रहे हैं, जो बेहद चिंताजनक है।"

'कचरा' कंटेंट को बढ़ावा देने पर सवाल

सुनील पाल ने इस बात पर भी गहरी नाराजगी जताई कि अश्लील सामग्री बनाने वालों को बड़े प्लेटफॉर्म पर सिर-आंखों पर बिठाया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया, "कहां गए वे लोग जो अच्छी और साफ-सुथरी कॉमेडी करते थे? अगर हम बेहतर कलाकारों को समर्थन नहीं देंगे, तो बाजार में सिर्फ यही कचरा बिकेगा और इसे कॉमेडी का कलंक कहा जाएगा।"

सिस्टम और वेन्यू के लिए सख्त नियमों की मांग

अपनी बात खत्म करते हुए सुनील पाल ने दो बड़ी मांगें सामने रखीं। पहली यह कि स्टैंडअप शो आयोजित कराने वाले वेन्यू पर अश्लीलता और अभद्र भाषा को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए। दूसरी यह कि सरकार और प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लें तथा स्टैंडअप कॉमेडी की सीमाएं तय करने के लिए जल्द से जल्द कोई सख्त कानून बनाएं।

https://hindi.news18.com/news/entertainment/bollywood-sunil-pal-reacts-to-praneet-more-controversy-raises-concern-over-comedy-standards-10564248.html