होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने भारतीय बाजार में 2026 मॉडल ईयर की अपनी प्रीमियम मोटरसाइकिल रेंज को उतार दिया है। कंपनी ने इस दौरान नई CB750 Hornet E-Clutch और XL750 Transalp E-Clutch से पर्दा उठाया, जबकि Gold Wing को नए रंग विकल्प के साथ और CBR1000RR-R Fireblade SP को फ्लैगशिप सुपरस्पोर्ट बाइक के रूप में लाइनअप में जारी रखा गया है।
इन सभी मॉडल्स की बुकिंग देशभर में Honda Topline और BigWing डीलरशिप पर शुरू हो चुकी है। होंडा की नई E-Clutch तकनीक की सबसे बड़ी खूबी यह है कि राइडर बिना क्लच लीवर इस्तेमाल किए गियर बदल सकेंगे, जिससे राइडिंग अनुभव पहले से कहीं ज्यादा आसान और आरामदायक हो जाता है। आइए जानते हैं इन चारों प्रीमियम बाइक्स की कीमत और खास फीचर्स।
Honda CB750 Hornet E-Clutch
नई CB750 Hornet E-Clutch में 755 cc का पैरेलल-ट्विन इंजन लगाया गया है, जो 67.5 kW (करीब 90.5 hp) की पावर और 75 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इसमें होंडा की नई E-Clutch तकनीक दी गई है, जो स्टार्ट, स्टॉप और गियर शिफ्टिंग को और सहज बनाती है।
फीचर्स के तौर पर बाइक में Showa 41mm SFF-BP USD फ्रंट फोर्क्स, 5.0-इंच फुल-कलर TFT डिस्प्ले, Honda RoadSync कनेक्टिविटी, कई राइडिंग मोड्स और डुअल 296mm फ्रंट डिस्क ब्रेक्स मौजूद हैं। स्ट्रीटफाइटर डिजाइन वाली यह बाइक शहर और हाईवे दोनों पर बेहतरीन परफॉर्मेंस का दावा करती है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत ₹10.49 लाख रखी गई है।
Honda XL750 Transalp E-Clutch
यह एडवेंचर टूरिंग सेगमेंट की बाइक है। इसमें भी 755cc पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है, जो 67.5 kW (करीब 90.5 hp) की पावर और 75 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। नई E-Clutch तकनीक इसे लंबी दूरी की यात्राओं और रोजमर्रा की सवारी दोनों के लिए ज्यादा सुविधाजनक बनाती है।
इसमें 5.0-इंच TFT डिस्प्ले, Honda RoadSync, Showa SFF-CA USD फ्रंट सस्पेंशन, Gravel समेत कई राइडिंग मोड्स और डुअल LED हेडलैंप मिलते हैं। हाईवे, शहर और उबड़-खाबड़ रास्तों पर बेहतर संतुलन व आराम देने के लिहाज से इसे तैयार किया गया है। इसकी कीमत ₹13.20 लाख (एक्स-शोरूम, गुरुग्राम) तय की गई है।
Honda Gold Wing
यह लग्जरी टूरिंग बाइक सेगमेंट की सबसे प्रतिष्ठित मोटरसाइकिलों में लंबे समय से शुमार रही है। 2026 मॉडल में इसे नए Gun Metal Black Metallic रंग विकल्प के साथ पेश किया गया है। इसमें 1833 cc का लिक्विड-कूल्ड, हॉरिजॉन्टली-ऑपोज्ड सिक्स-सिलेंडर इंजन दिया गया है, जिसे 7-स्पीड DCT (Dual Clutch Transmission) के साथ जोड़ा गया है।
प्रीमियम फीचर्स के रूप में इसमें रिवर्स और वॉकिंग-स्पीड मोड, इलेक्ट्रॉनिकली एडजस्टेबल विंडस्क्रीन, वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto, एडवांस्ड ऑडियो सिस्टम तथा एयरबैग शामिल हैं। इसकी कीमत ₹44.30 लाख (एक्स-शोरूम, गुरुग्राम) से शुरू होती है।
Honda CBR1000RR-R Fireblade SP
यह काफी समय से कंपनी की फ्लैगशिप सुपरस्पोर्ट बाइक बनी हुई है। इसमें 1000cc का इनलाइन-फोर इंजन लगा है, जो 160 kW (करीब 214.5 hp) की पावर और 113 Nm का टॉर्क पैदा करता है।
यह बाइक Öhlins Smart-EC 3.0 इलेक्ट्रॉनिक सस्पेंशन, Brembo Stylema R फ्रंट कैलिपर्स, 330 mm डुअल डिस्क ब्रेक्स, Akrapovič टाइटेनियम एग्जॉस्ट और 5.0-इंच TFT डिस्प्ले जैसे हाई-एंड कंपोनेंट्स से लैस है। इसका पूरा फोकस ट्रैक-ओरिएंटेड परफॉर्मेंस पर है। कंपनी इसे ₹33.50 लाख (एक्स-शोरूम, गुरुग्राम) की शुरुआती कीमत पर बेचेगी।
https://hindi.news18.com/news/auto/bikes-honda-premium-bikes-launched-in-india-cb750-hornet-xl750-transalp-gold-wing-fireblade-sp-price-features-ws-l-10563945.html