इलॉन मस्क बने दुनिया के पहले ट्रिलेनियर, नेट वर्थ 1000 अरब डॉलर के पार

स्पेसएक्स के शेयरों की ट्रेडिंग शुरू होते ही इलॉन मस्क की नेट वर्थ 1000 अरब डॉलर के पार पहुंचने जा रही है, जिससे वे दुनिया के पहले ट्रिलेनियर बन जाएंगे। फोर्ब्स के मुताबिक खबर लिखे जाने तक उनकी नेट वर्थ 982.6 बिलियन डॉलर थी।

Elon Musk Net Worth: दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी इलॉन मस्क की संपत्ति कुछ ही देर में 1000 अरब डॉलर का आंकड़ा पार करने वाली है। इसके साथ ही वे दुनिया के पहले ट्रिलेनियर बनने का इतिहास रच देंगे। उनकी अंतरिक्ष कंपनी SpaceX के शेयरों की ट्रेडिंग शुरू होते ही उनकी नेट वर्थ सीधे 1000 अरब डॉलर के पार चली जाएगी। फोर्ब्स की रियल टाइम बिलेनियर सूची के अनुसार, खबर लिखे जाने तक मस्क की मौजूदा नेट वर्थ 982.6 बिलियन डॉलर दर्ज की गई थी।

दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ

इलॉन मस्क ने SpaceX के आईपीओ के माध्यम से कुल 75 बिलियन डॉलर (लगभग 7.15 लाख करोड़ रुपये) जुटाए हैं, जो इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है। कंपनी की फाइलिंग के आधार पर फोर्ब्स के अनुमान और रॉयटर्स की गणना के मुताबिक, शुक्रवार को जैसे ही इस अंतरिक्ष कंपनी के शेयरों की ट्रेडिंग शुरू होगी, मस्क की संपत्ति 1.1 ट्रिलियन डॉलर यानी 1100 अरब डॉलर से अधिक हो जाने की उम्मीद है।

एक शेयर के लिए 135 डॉलर का प्राइस बैंड

SpaceX ने अपने आईपीओ के लिए प्रत्येक शेयर का प्राइस बैंड 135 डॉलर तय किया है। इस स्तर पर मस्क की कंपनी स्पेसएक्स की वैल्यूएशन लगभग 1.77 से 1.8 ट्रिलियन डॉलर के बीच होगी, जो दुनिया की किसी भी कंपनी के मूल्यांकन से कहीं ज्यादा है।

स्पेसएक्स में हिस्सेदारी की वैल्यू 866 अरब डॉलर

इलॉन मस्क के पास SpaceX के 476 करोड़ शेयर हैं और एक शेयर की कीमत 135 डॉलर है। इस लिहाज से अकेले स्पेसएक्स में ही मस्क की हिस्सेदारी का मूल्य 866 अरब डॉलर यानी 82 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा टेस्ला में उनकी हिस्सेदारी की वैल्यू करीब 260 अरब डॉलर और बाकी कंपनियों में लगभग 5-10 अरब डॉलर है।

मस्क के करीब पहुंचना भी मुश्किल

दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में अब इलॉन मस्क इतने ऊपर पहुंच चुके हैं कि किसी भी व्यक्ति के लिए उनके बराबर तो दूर, उनके करीब तक पहुंचना भी लगभग नामुमकिन हो गया है। कुछ ही देर बाद वे 1000 अरब डॉलर से अधिक नेट वर्थ के साथ इस सूची में पहले स्थान पर काबिज रहेंगे। इस फेहरिस्त में दूसरे नंबर पर गूगल के लैरी पेज हैं, जिनकी मौजूदा नेट वर्थ 292.7 अरब डॉलर है।

https://www.indiatv.in/paisa/business/elon-musk-the-world-s-first-trillionaire-net-worth-crosses-1-trillion-dollars-2026-06-12-1224701