नोएडा-ग्रेटर नोएडा में आज से दौड़ीं 110 इलेक्ट्रिक बसें, 10 डबल डेकर भी शामिल; न्यूनतम किराया सिर्फ ₹10

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर नोएडा की सड़कों पर 110 नई इलेक्ट्रिक बसें रवाना कीं, जिनमें पहली बार 10 आलीशान डबल डेकर बसें शामिल हैं। गौर सिटी, परी चौक और जेवर एयरपोर्ट का सफर अब महज 10 रुपये के न्यूनतम किराए में संभव होगा।

नोएडा और ग्रेटर नोएडा के निवासियों के लिए आज का दिन बेहद खास रहा। शहर के सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर बदलने और प्रदूषण पर लगाम लगाने की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सुबह 10 बजे वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर नोएडा की सड़कों पर 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को रवाना किया। इस पूरे बेड़े की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पहली बार 10 शानदार डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें भी जोड़ी गई हैं।

सेक्टर-90 डिपो से होगा संचालन

यह पहला मौका है जब नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच इस स्तर पर इंटरसिटी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की गई है। इन बसों का संचालन नोएडा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश परिवहन निगम मिलकर कर रहे हैं। सेक्टर-90 में तैयार किए गए अत्याधुनिक बस डिपो से इनका संचालन होगा, जहां हाईटेक फास्ट चार्जिंग स्टेशन लगाए गए हैं। ये बसें महज 2 घंटे में पूरी तरह चार्ज होकर सड़कों पर दौड़ने के लिए तैयार हो जाएंगी।

किराया बेहद किफायती

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन बसों का किराया भी बहुत किफायती रखा गया है। न्यूनतम किराया मात्र 10 रुपये और अधिकतम किराया 30 रुपये तय किया गया है, जिससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

इस सेवा का सबसे ज्यादा लाभ ग्रेटर नोएडा वेस्ट यानी गौर सिटी के लोगों को मिलेगा, जिन्हें पहली बार सीधे सरकारी सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल रही है। 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) की सेवाएं शुरू होने वाली हैं और ठीक उससे पहले एयरपोर्ट कनेक्टिविटी को आसान बनाने की दिशा में यह कदम मील का पत्थर साबित होगा।

इन 5 प्रमुख रूट्स पर दौड़ेंगी बसें

इन सभी बसों को मुख्य रूप से निम्नलिखित मार्गों पर चलाया जाएगा:

  • बोटेनिकल गार्डन से परी चौक
  • बोटेनिकल गार्डन से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर)
  • बोटेनिकल गार्डन से गौर सिटी चौक
  • बोटेनिकल गार्डन से एक मूर्ति (ग्रेटर नोएडा वेस्ट)
  • बोटेनिकल गार्डन से सूरजपुर होते हुए कलेक्ट्रेट

भविष्य में इन बसों को गाजियाबाद और दिल्ली से भी जोड़ने की तैयारी है।

दिसंबर तक जुड़ेंगी 100 और बसें

स्थानीय सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने बताया कि गौतमबुद्ध नगर की जनता को लंबे समय से जिस सुविधा का इंतजार और जिसकी मांग थी, वह आज पूरी हो रही है। उन्होंने कहा, "पहले चरण में हम 110 बसें शुरू कर रहे हैं और दिसंबर तक 100 और बसें जोड़ी जाएंगी। अगर जनता का रिस्पॉन्स अच्छा रहा, तो हमारा लक्ष्य इस संख्या को 500 बसों तक ले जाने का है।"

प्रदूषण से भी मिलेगी राहत

डॉ. महेश शर्मा ने खास बातचीत में बताया कि ये बसें शहर के खराब एयर क्वालिटी इंडेक्स को सुधारने में भी मददगार साबित होंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कभी मुंबई शहर अपनी बेहतर बस सेवा और परिवहन व्यवस्था के लिए जाना जाता था, लेकिन आज गौतमबुद्ध नगर उससे एक कदम आगे निकल चुका है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/noida-greater-noida-double-decker-electric-bus-service-routes-fare-local18-10564472.html