ओमान तट पर जहाजों पर हमले से भारत नाराज, अमेरिकी मिशन प्रमुख को दोबारा किया तलब

ओमान तट के पास कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों और तीन भारतीय नाविकों की मौत के विरोध में विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी चार्ज डी अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब किया। कुछ ही दिनों में यह दूसरा मौका है जब भारत ने किसी अमेरिकी राजनयिक को बुलाया है।

दिल्ली: ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए विदेश मंत्रालय ने अमेरिकी चार्ज डी अफेयर्स जेसन मीक्स को तलब किया है। एक दिन पहले ही 20 भारतीय क्रू सदस्यों को लेकर जा रहे एक और जहाज को निशाना बनाया गया था। विदेश मंत्रालय में एडिशनल सेक्रेटरी (अमेरिका) ने अमेरिकी राजनयिक को बुलावा भेजा। यह दूसरा मौका है जब मंत्रालय ने अमेरिकी मिशन को तलब किया है। इन हमलों में से एक में तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि हुई है, जिन्हें शुरुआत में लापता बताया गया था। उल्लेखनीय है कि बीते कुछ ही दिनों में यह दूसरी बार है जब भारत ने किसी अमेरिकी राजनयिक को तलब किया।

40 मिनट चली बैठक में क्या तय हुआ

विदेश मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) नागराज नायडू ने इस मामले को लेकर जेसन मीक्स को तलब किया। दोनों के बीच करीब 40 मिनट तक बैठक चली, जिसमें भारत ने कमर्शियल जहाज पर हुए हमले और उसमें तीन भारतीयों की मौत पर अपना सख्त रोष जाहिर किया। बताया जा रहा है कि भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर इस समय दिल्ली से बाहर हैं, इसलिए उनकी जगह जेसन मीक्स को यह कूटनीतिक विरोध सौंपने के लिए बुलाया गया और अब उन्हें इसका जवाब देना होगा।

भारत का सख्त रुख

  • मुख्य रूप से तीन कमर्शियल जहाजों पर हुए हमलों से जुड़े इस मामले में भारत ने सख्त रवैया अपनाया है। अमेरिकी सेना ने यह हमला उस जहाज पर किया जिसमें बड़ी संख्या में भारतीय चालक दल मौजूद था।
  • इससे पहले बुधवार को ओमान के सोहर बंदरगाह के पास पलाऊ-झंडे वाले एक टैंकर को अमेरिका ने निशाना बनाया था। अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी सेना की ओर से दागी गई मिसाइल से जहाज के इंजन रूम में आग लग गई और इस हमले में 3 भारतीय नाविकों की जान चली गई।
  • इस हमले से पहले सोमवार को अमेरिकी नौसेना ने एक अन्य भारतीय जहाज पर हमला किया था, जिस पर मौजूद 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित निकाल लिया गया था।
  • ताजा मामला गिनी-बिसाऊ के ध्वज वाले जहाज एमटी जलवीर से जुड़ा है। ईरान के खिलाफ लगाए गए प्रतिबंध का कथित तौर पर उल्लंघन करने के आरोप में एक अमेरिकी विमान ने इस जहाज के इंजन कक्ष पर हमला किया था।

https://www.indiatv.in/india/national/attacks-on-ships-off-oman-coast-india-summons-top-us-envoy-again-2026-06-12-1224678