कॉकरोच जनता पार्टी का लखनऊ में प्रदर्शन, इको गार्डन बना छावनी; कहां हैं संस्थापक अभिजीत दीपके?

पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी को लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र के एक गार्डन में धरने की अनुमति मिल गई है, जहां कई जिलों से युवा पहुंच चुके हैं। पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके भी प्रदर्शन स्थल पर मौजूद हैं।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन लगातार जारी है। इससे पहले पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपना विरोध दर्ज कराया था और अब लखनऊ में आंदोलन के लिए अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में युवा जुट चुके हैं। पेपर लीक और परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं के खिलाफ हो रहे इस प्रदर्शन को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

संस्थापक अभिजीत दीपके कहां हैं?

पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके सुबह तड़के दो बजकर 40 मिनट पर लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से वह एक होटल चले गए। फिलहाल वह धरना-प्रदर्शन स्थल पर पहुंच चुके हैं, जहां जोरदार नारेबाजी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि एयरपोर्ट पर थोड़ी देर रुकने के बाद दीपके सफेद रंग की इनोवा क्रिस्टा गाड़ी से सरोजिनी नगर क्षेत्र में स्थित एक होटल में ठहरे। इसके बाद शुक्रवार सुबह वह लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र में स्थित एक गार्डन पहुंचे और वहां धरना-प्रदर्शन किया। इसे लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क बनी हुई है।

इको गार्डन बना छावनी

प्रदेश के विभिन्न जिलों से कोचिंग संचालक और परीक्षार्थी इको गार्डन पहुंचे हैं। यहां केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी हो रही है। नीट सहित यूपी की परीक्षाओं में हो रही धांधली और पेपर लीक के विरोध में युवा अपना आक्रोश जता रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इको गार्डन परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

पहले नहीं मिली थी अनुमति

उल्लेखनीय है कि पहले खबर आई थी कि लखनऊ पुलिस ने कॉकरोच पार्टी के धरना-प्रदर्शन को अनुमति देने से इनकार कर दिया था। इस पर अभिजीत दीपके ने कहा था कि वह स्वयं स्थानीय पुलिस के पास जाकर अनुमति देने की अपील करेंगे। हालांकि बाद में प्रयागराज में एग्जामपुर कोचिंग के संचालक विवेक कुमार ने धरना-प्रदर्शन की अनुमति ले ली थी।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lucknow-cockroach-janta-party-lucknow-protest-live-news-update-abhijeet-deepke-at-eco-garden-neet-leak-exam-local18-10563883.html