लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली इंडिगो की एक उड़ान को टेकऑफ से ठीक पहले बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी विमान के शौचालय में पड़े एक टिश्यू पेपर पर लिखी हुई पाई गई। जैसे ही इसकी जानकारी मिली, अधिकारियों ने तत्काल सुरक्षा प्रोटोकॉल सक्रिय कर दिए और सुरक्षा एजेंसियों ने विमान तथा उसके आसपास के पूरे क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ली। उस समय विमान लखनऊ से उड़ान भरने की तैयारी में था और उसमें लगभग 180 यात्री सवार थे।
जांच के बाद दिल्ली के लिए हुई रवाना
अधिकारियों के मुताबिक, उड़ान भरने से ठीक पहले मिली इस झूठी बम धमकी के कारण लखनऊ-दिल्ली उड़ान में देरी हुई। करीब 180 यात्रियों को लेकर इंडिगो का यह विमान सुबह 10.45 बजे लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था। विमान के चालक दल को इसी बीच विमान में बम होने की धमकी की सूचना मिली।
एयरलाइन ने क्या कहा
इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, ''12 जून 2026 को लखनऊ से दिल्ली जाने वाली IndiGo की फ़्लाइट 6E 2111 में उड़ान भरने से ठीक पहले बम धमकी का पता चला। तय नियमों के अनुसार, हमने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया और ज़रूरी सुरक्षा जांच में उनके साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं। ज़रूरी मंज़ूरी मिलने के बाद विमान दिल्ली के लिए अपनी यात्रा पूरी करेगा। हमें अपने ग्राहकों को हुई असुविधा के लिए खेद है और हम इसे कम करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं, जिसमें उन्हें रिफ्रेशमेंट देना और समय-समय पर जानकारी देना शामिल है। हमेशा की तरह, हमारे ग्राहकों, क्रू और विमान की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है''।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
इस घटना से कुछ ही समय पहले मुंबई से कन्नूर जा रही इंडिगो की एक उड़ान में केबिन क्रू को एक नोट मिला था, जिसमें विमान को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। बुधवार को कन्नूर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान के उतरने के बाद इस वजह से आपातकालीन सुरक्षा कार्रवाई शुरू करनी पड़ी। दोपहर करीब 3:20 बजे फ्लाइट के लैंड करने के बाद विमान के एक शौचालय में रखे कचरे के डिब्बे से यह नोट बरामद हुआ था।
https://www.indiatv.in/india/national/bomb-threat-to-indigo-flight-which-was-about-to-takeoff-for-delhi-from-lucknow-2026-06-12-1224646