बिरयानी के दीवानों के लिए दिल्ली के 5 सबसे पुराने ठिकाने, जहां अंग्रेजों ने भी चखा था जायका

महंगाई के इस दौर में अगर 400 रुपए के भीतर असली और यादगार बिरयानी का स्वाद चखना है, तो दिल्ली के ये पांच पुराने रेस्टॉरेंट आपका इंतजार कर रहे हैं। करीम्स से लेकर खान चाचा तक, हर जगह की रेसिपी सालों पुरानी है।

मुगल भले ही सदियों पहले भारत से विदा हो गए, लेकिन उनका जायका आज भी यहां के लोगों की जुबान पर बसा हुआ है। बात हो रही है बिरयानी की, जिसकी महक ही लोगों को दूर-दूर से खींच लाती है। इसके स्वाद के आगे कभी अंग्रेज भी खुद को रोक नहीं पाए थे। अगर आप भी बिरयानी के शौकीन हैं, तो दिल्ली के इन पांच सबसे पुराने रेस्टॉरेंट्स का रुख जरूर करना चाहिए। यहां की रेसिपी दशकों पुरानी है, जो हर बार एक अलग ही स्वाद का अनुभव कराती है।

करीम्स – 1913 से जमा है स्वाद की धाक

जामा मस्जिद के पास मौजूद करीम्स दिल्ली का सबसे आइकॉनिक फूड स्पॉट माना जाता है। इसकी शुरुआत 1913 में हुई थी, यानी उस दौर में जब देश पर अंग्रेजों का राज था। यह जगह सिर्फ कबाब के लिए ही नहीं, बल्कि लाजवाब बिरयानी के लिए भी जानी जाती है। यहां की बिरयानी में नरम और अच्छी तरह पका हुआ मांस मिलता है, जिसे प्याज और पुदीने की चटनी के साथ परोसा जाता है। यहां बिरयानी की कीमत ₹221 से शुरू होती है। आप सुबह 9 बजे से रात 12:30 बजे तक यहां पहुंच सकते हैं।

अमीनिया – 1929 की हेरिटेज मटन बिरयानी

कोलकाता की मशहूर अमीनिया अब दिल्ली के कालकाजी में भी अपनी शाखा खोल चुकी है। यह रेस्टॉरेंट अपनी हेरिटेज मटन बिरयानी के लिए पहचाना जाता है। इसकी शुरुआत 1929 में हुई थी और आज भी यह अपने खास जायके और रेसिपी के लिए मशहूर है। यहां की बिरयानी में मटन का एक टुकड़ा, एक उबला अंडा और नरम आलू मिलता है, जो स्वाद को और बढ़ा देता है। यहां मटन बिरयानी 400 से 1200 रुपए के बीच मिलती है। वीकेंड पर यह रेस्टॉरेंट 12 घंटे यानी 11:30 से 11:30 तक खुला रहता है, जबकि बाकी दिनों में यह दो शिफ्टों में 11:30 AM–4 PM और 6–11:30 PM तक खुलता है।

अल जवाहर – 1947 की खुशबूदार चिकन बिरयानी

जामा मस्जिद के नजदीक 1947 में खुला अल जवाहर रेस्टॉरेंट अपनी चिकन बिरयानी के लिए फेमस है। सुगंधित चावल और रसीले चिकन के टुकड़े इसके स्वाद को और खास बना देते हैं। यहां बिरयानी की कीमत 200 रुपए से शुरू होती है। सबसे अच्छी बात यह है कि यहां आप सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक कभी भी जा सकते हैं।

आंध्र भवन कैंटीन – सिर्फ रविवार को मिलने वाली बिरयानी

साल 1956 में खुली आंध्र भवन कैंटीन सस्ती और स्वादिष्ट बिरयानी के लिए जानी जाती है। हालांकि यहां बिरयानी सिर्फ रविवार को दोपहर 2 बजे के बाद ही मिलती है, जो बेहद लजीज होती है। यह दिल्ली के अशोक रोड पर स्थित है। यहां आप 240 रुपए में बिरयानी का स्वाद ले सकते हैं।

खान चाचा – 1970 से खान मार्केट की शान

खान मार्केट का मशहूर आउटलेट खान चाचा 1970 में शुरू हुआ था। यह जगह कबाब और रोल्स के साथ-साथ बिरयानी के लिए भी खूब पसंद की जाती है। यहां बिरयानी को सालन और फिरनी के साथ परोसा जाता है। इसकी कीमत ₹260 से शुरू होती है। आप यहां 11 AM से 11 PM के बीच जा सकते हैं।

https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/travel-370-ki-biryani-oldest-shops-in-delhi-from-british-era-best-place-to-eat-authentic-biryani-ws-l-10562884.html