लगातार दो फिल्मों की नाकामी से सबक, इस स्टार ने बदला स्क्रिप्ट चुनने का तरीका, अब अकेले नहीं लेंगे फैसला

बॉक्स ऑफिस पर पिछली दो बड़ी फिल्मों के फ्लॉप होने के बाद शाहिद कपूर ने माना कि अब वे स्क्रिप्ट अकेले नहीं चुनेंगे, बल्कि पूरी टीम के साथ मिलकर फैसला लेंगे।

बॉलीवुड के एक चर्चित अभिनेता की लगातार दो बड़ी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह नाकाम साबित हुईं। करोड़ों के बजट और जबरदस्त चर्चा के बावजूद इन फिल्मों के पिटने से अभिनेता को बड़ा झटका लगा। अब उन्होंने स्वीकार किया है कि लगातार मिल रही असफलताओं ने उन्हें स्क्रिप्ट चुनने का अपना पूरा तरीका बदलने पर मजबूर कर दिया है। उनका मानना है कि शायद अकेले यह तय कर पाना उनके बस में नहीं रहा कि कौन-सी फिल्म चुनी जाए, इसलिए अब वे अकेले कहानी नहीं सुनते।

कौन हैं वे अभिनेता और कौन-सी फिल्में हुईं फ्लॉप

नई दिल्ली से सामने आई जानकारी के अनुसार ये अभिनेता शाहिद कपूर हैं, जो इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'कॉकटेल 2' के प्रचार में व्यस्त हैं। इससे पहले उनकी दो फिल्में 'देवा' और 'ओ रोमिया' खूब चर्चा बटोरने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं। एक इंटरव्यू में शाहिद ने साफ कहा कि इन फिल्मों के कमजोर प्रदर्शन ने उन्हें फिल्म चुनने का अपना नजरिया बदलने पर विवश कर दिया।

अब अकेले नहीं, पूरी टीम के साथ सुनते हैं स्क्रिप्ट

एक बातचीत में उन्होंने बताया कि अब वे अकेले स्क्रिप्ट सुनना पसंद नहीं करते। स्क्रिप्ट को अंतिम रूप देते समय वे अपनी पूरी टीम को साथ रखते हैं, ताकि हर पहलू को बेहतर ढंग से परखा जा सके। अपनी पिछली फिल्मों की नाकामी पर बात करते हुए शाहिद ने माना कि जब कोई फिल्म नहीं चलती, तो इंसान कई तरह की भावनाओं और निराशा से गुजरता है।

अनुभव सफलता की गारंटी नहीं

शाहिद ने कहा, 'जब आप इस इंडस्ट्री में इतने लंबे समय से काम कर रहे होते हैं, तो उम्मीद होती है कि आप चीजों को बेहतर समझेंगे और आपके फैसले सही साबित होंगे। लेकिन असल में ऐसा होता नहीं है। आप कितने सालों से काम कर रहे हैं, इस बात से फिल्मों की सफलता का कोई लेना-देना नहीं है।'

उन्होंने आगे जोड़ा, 'फिल्में पूरी तरह अनप्रेडिक्टेबल हैं, यानी यहां कब क्या हो जाए, कोई नहीं जानता। एक एक्टर होने के नाते आपका इस बात पर कोई नियंत्रण नहीं होता कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कैसा प्रदर्शन करेगी। यहां तक कि पर्दे पर आप जो करते हैं, उस पर भी आपका पूरा नहीं, थोड़ा-बहुत ही नियंत्रण होता है। आखिरकार डायरेक्टर ही तय करता है कि फ्रेम में क्या दिखेगा और उसका संतुष्ट होना सबसे जरूरी है।'

स्क्रिप्ट खुद चुनने पर उठाए सवाल

'देवा' और 'ओ रोमियो' की असफलता के बाद अपने काम करने के तरीके में आए बड़े बदलाव का जिक्र करते हुए शाहिद ने कहा, 'अब मैंने अपनी टीम से साफ कह दिया है कि शायद मुझे अपनी फिल्मों की स्क्रिप्ट खुद तय नहीं करनी चाहिए। कैमरे के सामने क्या और कैसे करना है, यह तो मैं बखूबी जानता हूं, लेकिन शायद मुझे यह समझ नहीं आ रहा कि कौन-सी फिल्म चुनी जाए। हो सकता है मेरा फैसला पूरी तरह एक कलाकार की सोच पर टिका हो, जो शायद आम दर्शकों को पसंद न आ रहा हो।'

'देवा' का बॉक्स ऑफिस सफर

साल 2025 में शाहिद कपूर एक्शन थ्रिलर फिल्म 'देवा' में दिखे थे। रोशन एंड्रयूज के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आलोचकों से मिले-जुले रिव्यू मिले और यह बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई। करीब 50 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में महज 40.82 करोड़ और दुनिया भर में सिर्फ 56.32 करोड़ का ही कलेक्शन किया।

'ओ रोमियो' से बड़ी उम्मीदें, फिर भी पिटी

इसके बाद साल 2026 में आई विशाल भारद्वाज की 'ओ रोमियो' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखा गया था। शाहिद कपूर के मुख्य किरदार वाली इस रोमांटिक एक्शन थ्रिलर से बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन इसे भी ठंडा रिस्पॉन्स मिला और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर डूब गई। 150 करोड़ के भारी-भरकम बजट के साथ बनी यह फिल्म दुनिया भर में सिर्फ 110 करोड़ ही बटोर पाई।

अब 'कॉकटेल 2' से उम्मीदें

अब शाहिद कपूर को अपनी अगली रिलीज 'कॉकटेल 2' से काफी उम्मीदें हैं। होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी तरुण जैन और लव रंजन ने लिखी है। फिल्म में शाहिद के साथ कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में हैं। साल 2012 की सुपरहिट फिल्म 'कॉकटेल' की तरह इसकी कहानी भी एक लव ट्रायंगल के इर्द-गिर्द घूमती है। यह फिल्म 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/bollywood-shahid-kapoor-changes-script-selection-strategy-after-deva-and-o-romeo-box-office-failure-ws-l-10562841.html