फीफा वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत बेहद रोमांचक अंदाज में हुई। इस सीजन के पहले ही मुकाबले में को-होस्ट मैक्सिको का सामना साउथ अफ्रीका से हुआ, जिसमें मैक्सिको ने 2-0 से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का शानदार आगाज किया। वहीं दूसरे मैच में साउथ कोरिया और चेकिया आमने-सामने रहे, जहां कोरियाई टीम ने 2-1 से बाजी मारी। इस तरह पहले दिन मैक्सिको और साउथ कोरिया ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की, जबकि चेकिया और साउथ अफ्रीका को हार का सामना करना पड़ा।
पहले हाफ में नहीं हुआ कोई गोल
साउथ कोरिया और चेकिया के बीच खेले गए मुकाबले में दोनों टीमों ने पहले हाफ में बेहतरीन खेल दिखाया, लेकिन हाफ खत्म होने तक दोनों में से कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। दूसरे हाफ में हालांकि कुल तीन गोल हुए और आखिरकार साउथ कोरिया की टीम जीत हासिल करने में सफल रही। चेकिया ने 59वें मिनट में पहला गोल दागकर 1-0 की बढ़त बना ली। चेकिया के लिए यह गोल लाडिसलाव क्रेजकी ने किया।
इसके बावजूद साउथ कोरिया ने हार नहीं मानी और हांग इन बियोम ने 67वें मिनट में गोल कर टीम को बराबरी पर ला खड़ा किया। इसके बाद ओह हियोन ग्यू ने 80वें मिनट में दूसरा गोल कर साउथ कोरिया को 2-1 से आगे कर दिया। चेकिया अंत तक इस बढ़त को पाटने में नाकाम रही और उसे हार झेलनी पड़ी। मैच के अंतिम क्षणों में चेकिया ने लगातार दबाव बनाया और उसे कुछ मौके भी मिले, लेकिन साउथ कोरिया के गोलकीपर ने शानदार बचाव करते हुए दो गोल रोक दिए। अतिरिक्त समय में भी चेकिया ने पूरी कोशिश की, मगर वह साउथ कोरिया की मजबूत डिफेंस को भेद नहीं सकी।
मैक्सिको बनाम साउथ अफ्रीका मैच में दिखे तीन रेड कार्ड
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान मैक्सिको ने साउथ अफ्रीका को 2-0 से हराकर विजयी शुरुआत की। मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मैक्सिको की टीम शुरुआत से ही हावी रही। खेल के 9वें मिनट में जूलियन क्विनोन्स ने पहला गोल कर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। पहले हाफ के 17वें मिनट में साउथ अफ्रीका के एक खिलाड़ी को यलो कार्ड मिला, जबकि दूसरे हाफ के 49वें मिनट में स्पेफेलो सिथोले को विरोधी खिलाड़ी को गलत तरीके से रोकने पर सीधे रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया गया। इसके बाद साउथ अफ्रीका को 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
दूसरे हाफ के 67वें मिनट में राउल जिमेनेज ने दूसरा गोल दागकर मैक्सिको को 2-0 से आगे कर दिया। मुकाबले के 84वें मिनट में वीडियो रीप्ले देखने के बाद साउथ अफ्रीका के एक और खिलाड़ी थेम्बा ज्वाने को रेड कार्ड मिला और टीम में केवल 9 खिलाड़ी ही रह गए। मैच के इंजरी टाइम (90+2 मिनट) में मैक्सिको के खिलाड़ी सीजर मॉन्टेस को भी फाउल के लिए रेड कार्ड दिखाया गया, हालांकि इसका मैच के नतीजे पर कोई असर नहीं पड़ा। आखिरकार मैक्सिको ने 2-0 से यह मुकाबला अपने नाम कर टूर्नामेंट की जीत से शुरुआत की।
https://www.indiatv.in/sports/other-sports/fifa-world-cup-2026-mexico-and-south-korea-kick-off-their-world-cup-campaigns-with-wins-check-day-1-results-2026-06-12-1224605