गर्मी के दिनों में देर तक किचन में खड़े रहकर खाना बनाने का मन भला किसका करता है, लेकिन पेट की भूख तो किसी मौसम को नहीं देखती। सबसे बड़ी उलझन सुबह के नाश्ते को लेकर होती है कि आखिर क्या बनाया जाए। कभी बच्चे आलू पराठे की जिद करते हैं तो कभी पोहा बनाने की फरमाइश आ जाती है, मगर तपती गर्मी में एक पल भी गैस के सामने टिकना मुश्किल लगता है। ऐसे में दही और खीरे से बना सैंडविच आपके लिए एकदम सही रहेगा। इसे बनाना बेहद आसान है और यह मिनटों में तैयार भी हो जाता है। अगर आप कम वक्त में कुछ स्वादिष्ट और सेहतमंद खाना चाहते हैं तो दही सैंडविच से बढ़िया कुछ नहीं। आइए जानते हैं इसे बनाने की बेहद सरल विधि।
जरूरी सामग्री
- 4 ब्रेड स्लाइस
- 1 कप गाढ़ा ताजा दही
- 1 छोटा खीरा
- 1 छोटा गाजर
- 1 छोटा टमाटर
- 1 छोटा प्याज
- 1 बड़ा चम्मच धनिया पत्ता
- 1/2 चम्मच भुना जीरा पाउडर
- 2 बड़े चम्मच बटर
- नमक स्वादानुसार
बनाने की विधि
- सबसे पहले दही को एक बाउल में निकालकर अच्छी तरह फेंट लें ताकि वह स्मूद हो जाए।
- अब खीरा और गाजर को छीलकर कद्दूकस कर लें। इसके बाद एक सूती कपड़े में कद्दूकस किया हुआ खीरा और गाजर डालकर उसका अतिरिक्त पानी अच्छी तरह निचोड़ लें।
- प्याज, टमाटर, धनिया और हरी मिर्च को बारीक काट लें।
- अब इन सभी कटी और कद्दूकस की हुई चीजों को फेंटे हुए दही में डालें और अच्छे से मिक्स कर लें। इसके बाद इसमें नमक, काली मिर्च और भुना जीरा पाउडर मिलाकर एक बार फिर अच्छी तरह मिला लें।
- अब एक ब्रेड स्लाइस लें और उस पर तैयार स्टफिंग को समान रूप से फैला दें। ऊपर से दूसरी ब्रेड स्लाइस रखकर सैंडविच तैयार करें। इसे टोस्टर या तवे पर अच्छी तरह सेक लें और फिर पुदीने की चटनी के साथ गरमागरम सर्व करें।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/make-curd-and-cucumber-sandwich-for-breakfast-it-tastes-amazing-note-down-the-recipe-2026-06-12-1224610